कैथल | हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में कैथल जिले के गांव सांपन खेड़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य अगले साल जून महीने में पूरा होने की संभावना जताई गई है. इसका निर्माण कार्य जोरो- शोरों से चल रहा है, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जल्द से जल्द मिल सके. इस मेडिकल कॉलेज का लगभग तीन तिहाई काम पूरा हो चुका है. इसके शुरू होने पर कैथल सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा.
इस समय जरूरत पड़ने पर लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल से चंडीगढ़ या रोहतक पीजीआई या फिर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज, करनाल में रेफर किया जाता है. अब 935 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा यह मेडिकल कॉलेज कैथल जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का नया अध्याय लिखेगा.
100 MBBS सीटों पर मिलेगी चिकित्सा शिक्षा
पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर ने इस मेडिकल कॉलेज के निर्माण की घोषणा की थी. मौजूदा नायब सैनी सरकार भी इस प्रोजेक्ट में गहन रुचि लेकर निर्माण कार्य को तेज गति से आगे बढ़ा रही है. यह मेडिकल कॉलेज कैथल– करनाल रोड पर ग्राम पंचायत सांपन खेड़ी की 20 एकड़ भूमि पर बनाया जा रहा है. इस मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से 100 MBBS सीटों पर डॉक्टरों की पढ़ाई का रास्ता भी खुलेगा.
मिलेंगी यह सुविधाएं
प्रोजेक्ट के तहत, आधुनिक सुविधाओं से लैस इस मेडिकल कॉलेज में कई बिल्डिंग शामिल हैं. मुख्य रूप से 530 बिस्तरों वाली अस्पताल की बिल्डिंग होगी, जिसमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और सात मंजिला इमारत होगी. इसी प्रकार मेडिकल कॉलेज भवन में 100 MBBS सीटों के साथ, परीक्षा हाल सहित अन्य सुविधाएं होंगी. इसमें 350 व 250 क्षमता के साथ क्रमश: लड़कों एवं लड़कियों के लिए हॉस्टल बनाया जा रहा है. इसमें डाइनिंग/ किचन की सारी सुविधाएं मौजूद रहेंगी. वहीं, जूनियर एवं सीनियर रेजिडेंट और क्लास 1 व 2 अधिकारियों के लिए आवास ब्लॉक बनाए जा रहे हैं.
एक बार पूरी तरह से चालू होने पर भगवान परशुराम राजकीय मेडिकल कॉलेज, कैथल सहित आसपास के क्षेत्र की आबादी को उच्च गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का तीव्र गति से लाभ मिलेगा. वहीं, दूसरी ओर युवाओं को 100 MBBS सीटों के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेगा- अपराजिता, डीसी, कैथल
