सोनीपत | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Transport Department) द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. प्रदेश के जिलों के बीच सीधी बस सेवा शुरू करने के साथ- साथ अन्य राज्यों के कई प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के लिए भी सीधी बस सेवा का संचालन किया जा रहा है, ताकि यात्रियों का सफर आरामदायक हो सकें. इसी कड़ी में सोनीपत रोडवेज डिपो से बालाजी मंदिर सालासर के लिए सीधी बस सेवा को हरी झंडी दिखाई गई है.
यह रहेगा शेड्यूल
अब तक सोनीपत से सालासर बालाजी जाने के लिए कोई सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं थी. यात्रियों को पहले रोहतक या दिल्ली पहुंचना पड़ता था, जहां से उन्हें दूसरी बस में सवार होना पड़ता था. इस तरह बार- बार बस बदलने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती थी, लेकिन अब सीधी बस सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को बार- बार बस बदलने के झंझट से छुटकारा मिलेगा. यात्री एक ही बस में सवार होकर सीधे और सुरक्षित सफर का अनुभव ले सकेंगे.
सोनीपत बस स्टैंड से सालासर के लिए यह बस रोजाना सुबह 9 बजे रवाना होगी. यह बस सोनीपत से वाया रोहतक, भिवानी और लोहारू होते हुए सालासर बालाजी का सफर तय करेगी. इस सीधी बस सेवा के शुरू होने से सोनीपत और सालासर के बीच पड़ने वाले कई प्रमुख शहरों और कस्बों के यात्रियों को भी फायदा पहुंचेगा. वापसी में यह बस अगले दिन सुबह 8 बजे सोनीपत के लिए रवाना होगी. श्रद्धालु आराम से बालाजी के दर्शन कर इस बस में वापस लौट सकेंगे.
यह रहेगा किराया
सोनीपत डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि यात्रियों की मांग पर इस बस सेवा को हरी झंडी दिखाई गई है. सीधी बस शुरू होने पर यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा. इस बस में सोनीपत से सालासर के लिए प्रति व्यक्ति किराया 430 रूपए निर्धारित किया गया है.
