भिवानी शहर के लोगों के लिए खुशखबरी, 400 करोड़ रुपए से दूर होगी दो बड़ी समस्याएं

भिवानी | हरियाणा के भिवानी जिले के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां शहर की एमसी कॉलोनी में नगर परिषद द्वारा खुले दरबार का आयोजन किया गया था,  जिसमें भिवानी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक घनश्याम सर्राफ ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की.

City Shahar Town

जिले को बड़ी सौगात

बीजेपी विधायक घनश्याम सर्राफ ने इस कार्यक्रम में बताया कि सीएम नायब सैनी द्वारा भिवानी को बड़ी सौगात देते हुए विकास कार्यों के लिए 400 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं. इस धनराशि में से 235 करोड़ रुपए की लागत से जलापूर्ति और 65 करोड़ रुपए से सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी, जबकि बाकी के 100 करोड़ रुपए से अन्य परियोजनाओं को धरातल पर अमलीजामा पहनाया जाएगा.

उन्होंने बताया कि लंबे समय से भिवानी शहर के लोग जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था की समस्या से जूझ रहे थे. उन्होंने इन मुद्दों को मुख्यमंत्री के सामने रखा था, जिसके बाद अब भिवानी शहर की इन दो बड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा. शहर के लोगों को तमाम मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.

पहुंचेगा पीने का साफ पानी

विधायक ने बताया कि इस धनराशि से कंडम घोषित हो चुकी पानी की पाइप लाइनों को बदलकर उनकी जगह पर नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी, ताकि हर घर तक पर्याप्त और शुद्ध जल पहुंच सकें. शहर में कई जगह सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है. इसको भी दूर करने के लिए नई सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी. शहर से बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौशाला में भेजा जाएगा. बंदरों और कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा. साथ ही, शहर के सौंदर्यीकरण पर भी करोड़ों रुपए खर्च किए जाएंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.