कैथल | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी मंगलवार को कैथल दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने जगतगुरू स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती के राज्यस्तरीय जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को भक्ति, ज्ञान और समरसता सिखाने वाले गुरू ब्रह्मानंद सरस्वती जयंती समारोह में आकर उन्हें काफी अच्छा महसूस हो रहा है.

कैथल के गांव का बदला नाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरू ब्रह्मानंद सरस्वती सिर्फ एक समुदाय के गुरू नही थे बल्कि सर्व समाज के गुरू थे. सादा जीवन और उच्च विचार उनके संस्कार थे. उनके विचार आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं. हमें उनके दिखाए मार्गों पर चलकर समाज के उत्थान के लिए काम करना होगा.
गुरू के नाम पर गांव का नामकरण
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रोड समाज के बहादुर और वीरता से भरे इतिहास को याद करते हुए समाज की कई मांगों पर घोषणाएं भी की. उन्होंने कहा कि समाज की मांग पर चुहड़ माजरा गांव का नाम बदलकर ब्रह्मानंद माजरा रखा जाएगा. यह घोषणा सुनते ही पंडाल में मौजूद समाज के लोगों ने तालियों और जय श्री राम के नारे से माहौल खुशनुमा बना दिया.
1.14 करोड़ देने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने गुरु ब्रह्मानंद सरस्वती के तीर्थ के विकास के लिए 51 लाख रुपये, स्वागत द्वार निर्माण के लिए 21 लाख, चौक निर्माण के लिए 20 लाख, पुस्तकालय स्थापना और अन्य विकास कार्यों के लिए कुल 1.14 करोड़ रुपये देने की घोषणा की. इसके अलावा, ढांड से पूंडरी की सड़क का नाम गुरुजी के नाम पर रखने की भी घोषणा की.