पंचकूला | हरियाणा में किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि पंचकूला पहुंचे केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने हरियाणा को एक साथ कई बड़ी सौगातों का तोहफा दिया है. यहां कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (कृभको) की ओर से राष्ट्रीय सहकारी सम्मेलन आयोजित किया गया था, जहां बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे अमित शाह ने जिला भिवानी में दूध शीतकरण केंद्र सलेमपुर प्लांट, जिला रेवाड़ी में हैफेड आटा मिल जाटूसाना और सहकारिता मंत्रालय द्वारा तैयार IYC के पोर्टल का रिमोट द्वारा ई- लोकार्पण किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सैनी सहित प्रदेश सरकार के कई बड़े मंत्री और नेता उपस्थित रहे.
सहकारिता होगी किसानों के लिए शक्ति
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमूल मॉडल का उदाहरण देकर अमित शाह ने कहा कि सहकारिता वह ताकत है जो किसानों के जोखिम को कम करने और आमदनी बढ़ाने में योग्य बनाता है. इसके साथ ही, उन्होंने हरियाणा राज्य सहकारी बैंकों के 5 लाभार्थियों को रुपे- प्लैटिनम डेबिट कार्ड बांटे और हरियाणा के कृभको द्वारा बनाए गए 2 एम- पैक्स के अध्यक्षों को पंजीकरण प्रमाण- पत्र देकर सम्मानित किया. उन्होंने कृभको द्वारा तैयार IYC के समारोहों पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया.
CM सैनी की जमकर सराहना
सहकारिता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की जमकर सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में हरियाणा ने किसानों को सबसे अधिक गन्ना खरीद राशि देकर देशभर की सरकारों के सामने मिसाल पेश की है. उन्होंने हरियाणा प्रदेश के किसानों को खुशहाल बनाया है, जो बड़ी उपलब्धि है. शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना कर सरकार से समृद्धि का नया मंत्र दिया है, जिसमें रोजगार के साथ समृद्धि को जोड़ा गया है.
