चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पावर पर्चेज कमेटी की बैठक में कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं. इस बैठक में राज्य के गांवों और शहरों के ढांचागत विकास के लिए करीब 4 हजार करोड़ रुपए के खरीद प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई है.
सुदृढ़ होगा बिजली वितरण सिस्टम
सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बिजली वितरण क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए कई खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है. दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अन्तर्गत नारनौल, रेवाड़ी, गुरुग्राम- 2, सोहना, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, डबवाली और नरवाना क्षेत्रों में वितरण अवसंरचना विकास एवं सब- स्टेशन सुदृढ़ीकरण से संबंधित कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है.
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अंतर्गत पंचकूला, पिंजौर, बरवाला, रायपुररानी, पानीपत, करनाल, समालखा तथा रोहतक जोन के विभिन्न क्षेत्रों में वितरण व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण एवं सब-स्टेशन विस्तार से संबंधित कार्यों को मंजूरी दी गई है. गुरुग्राम में एससीएडीए तथा डीएमएस/ ओएमएस प्रणाली के क्रियान्वयन से संबंधित प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई है.
फरीदाबाद और गुरुग्राम में आरडीएसएस योजना के तहत 66 kV सब- स्टेशनों से जुड़े 11 kV शहरी एवं औद्योगिक फीडरों की विद्युत वितरण अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण से संबंधित कार्यों के लिए टेंडर को री- टेंडर करने का फैसला लिया गया है.
पंचकूला को बड़ी सौगात
इस बैठक में शहरी विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स को मंजूरी प्रदान की गई है. इनमें सोनीपत मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी के अन्तर्गत सेक्टर 5/ 6, 6/ 9 और 5/ 10 के बीच मास्टर रोड्स के शेष हिस्सों के फोरलेन की चौड़ाई बढ़ाने एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं.
पंचकूला में घग्गर नदी पर सेक्टर- 3 एवं सेक्टर- 21 को सेक्टर- 23 एवं सेक्टर- 25 से जोड़ने वाली सड़क पर पंचकूला गोल्फ क्लब के नजदीक मौजूदा पुल के समीप एक उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा. इसके अलावा, पंचकूला मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी के अन्तर्गत शहर से गुजरने वाली 2 जलधाराओं के सौंदर्यीकरण एवं पुनर्जीवन तथा उनके आसपास के क्षेत्रों के वाणिज्यिक एवं मनोरंजन उपयोग से संबंधित प्रोजेक्ट्स के लिए प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है.
भिवानी को कन्वेंशन सेंटर की सौगात
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के परिसर में कन्वेंशन सेंटर भवन के शेष कार्यों को पूरा करने से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है. इसके अलावा फरीदाबाद के सेक्टर- 78 तथा गुरुग्राम के सेक्टर- 9 में कार्यरत महिलाओं के लिए आधुनिक हॉस्टल भवन बनाएं जाएंगे जिसमें सिविल, विद्युत, प्लंबिंग, फायर फाइटिंग, फायर अलार्म, सीसीटीवी, एचवीएसी, लिफ्ट, हार्टिकल्चर एवं अन्य सहायक कार्यों सहित निर्धारित अवधि तक रखरखाव कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई है.
