सोनीपत | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) स्वच्छता अभियान को लेकर निरंतर प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में विधानसभा सदस्य एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा है कि जल्द ही गोहाना में स्वच्छ पीने का पानी और गंदे पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था कराई जाएगी. इसके लिए सरकार ने करीब 65 करोड़ बजट की मंजूरी दे दी है. इससे गोहाना क्षेत्र में पेयजल की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलेगी. साथ ही, सीवरेज व्यवस्था सही होगी.
हजारों लोगों को होगा फायदा
उन्होंने सोनीपत कार्यालय में हुई चर्चा के दौरान बताया कि गोहाना क्षेत्र में करीब 46 करोड़ रुपए और अन्य 18 करोड़ रूपए 12 गांवो में खर्च किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इस दौरान बनभौरी माता कॉलोनी, मीनाक्षी कॉलोनी, एकता कॉलोनी, श्रीराम शरणम् कॉलोनी, सुल्तानपुरी कॉलोनी में नई सीवर लाइन बनाई जाएगी और पुरानी टूटी लाइनों को बदला जाएगा. लगभग 40 किलोमीटर लंबी लाइन डालने से वहां के हजारों लोगों को फायदा होगा. इसमें सीवरेज को 1800 कनेक्शन भी किए जाएंगे.
देवीपुरा बाइपास स्थित एसटीपी की क्षमता को 3 एमएलडी ज्यादा किया जाएगा और इस एमएलडी से बरोदा रोड ड्रेन तक लाइन बिछाई जाएगी. गोहाना को एक नई सुपर शकर मशीन की सौगात भी मिलेगी ताकि सीवरेज व्यवस्था को मजबूत किया जा सके.
पेयजल की समस्या से राहत
उन्होंने बताया कि गांव दोदवा व पिनाना में करीब 7 करोड़ रुपए पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए, तिहाड़ मलिक में और बाघडू में लगभग 2- 2 करोड़ रुपए, सलीम सर माजरा और गांव गढ़ी उजाले खां में करीब 1- 1 करोड़ रूपए, मोहाना में लगभग 89 लाख रुपए, गंगेसर में करीब 86 लाख रूपए और किलोहड़द में लगभग साढे 4 लाख रुपए पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए खर्च किए जाएंगे.
