भिवानी | जो भी युवा शिक्षक बनना चाहते हैं उन्हें सबसे पहले हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) को पास करना होगा. इसके लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से आवेदन मांगे गए थे. हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा यानी एचटेट के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 4 जनवरी (रविवार) है. ऐसे में जिन्होंने अभी तक आवेदन नहीं किया है वह आज अपना आवेदन पूरा कर दें.

HTET आवेदन लास्ट डेट
शनिवार यानि कल तक पूरे प्रदेश से एचटेट के लिए करीबन डेढ़ लाख से ज्यादा आवेदन किए जा चुके हैं. वहीं, अभ्यर्थियों ने बोर्ड से मांग की है कि आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाया जाए. हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा एचटेट के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत 24 दिसंबर से की गई थी. इस बार आवेदकों को आवेदन करने के लिए मात्र 10 दिन ही मिल पाए हैं. आवेदन करने की लास्ट डेट चार जनवरी तय की गई है. यदि आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि सुधार करना है तो अभ्यर्थियों को 4 और 5 जनवरी का समय दिया गया है.
दो बार होगी परीक्षा
इस दौरान अभ्यर्थी अपनी गलतियों में सुधार कर सकते हैं. पिछली बार एचटेट के लिए साढ़े तीन लाख से ज्यादा आवेदन हुए थे. 2026 में HTET परीक्षा दो बार होगी. पहले यह 17 व 18 जनवरी को होगी और फिर नवंबर में आयोजित की जाएगी. हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की अध्यक्ष डॉक्टर पवन कुमार ने कहा कि एचटेट के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि चार जनवरी तक है. परीक्षा के लिए अभी तक करीबन डेढ़ लाख से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं. जैसे ही सरकार की तरफ से आदेश मिलेगा व अभ्यर्थियों की मांग पर आवेदन की अंतिम तिथि आगे बढ़ाई जा सकती है.