चंडीगढ़ | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से हरियाणा पुलिस में 5500 पदों की भर्ती के लिए आवेदन चल रहे हैं. इच्छुक उम्मीदवार 31 जनवरी 2026 तक आवेदन भेज सकते हैं. HSSC ने पुलिस भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा और मापतौल परीक्षण के लिए ग्राउंड लेवल पर तैयारियां करना शुरू कर दिया हैं.
हरियाणा पुलिस भर्ती
आयोग द्वारा हाल ही में ई- टेंडरिंग की प्रक्रिया को मंजूरी दे दी गई है, जिसका उद्देश्य फिजिकल टेस्ट के लिए एक सक्षम और अनुभवी तकनीकी एजेंसी को सेलेक्ट करना है. इस कदम से साफ दिख रहा है कि विभाग फरवरी के अंतिम दिनों या मार्च के शुरुआती हफ्ते में शारीरिक परीक्षण आयोजित कर सकता है. हरियाणा पुलिस भर्ती के फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) और फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) को पारदर्शी तरीके से पूरा कराने के लिए ई- टेंडरिंग एक अनिवार्य प्रक्रिया है.
एजेंसी के लिए टेंडर जारी
यह पूरी कार्यवाही सरकारी पोर्टल के जरिए हो रही है, जिसमें टेंडर मांगने से लेकर तकनीकी शर्तों की जांच और योग्य एजेंसी का चुनाव शामिल है. जिस एजेंसी को यह टेंडर दिया जाएगा, वही भर्ती स्थल पर सभी जरूरी तकनीकी उपकरण और लॉजिस्टिक सुविधाएं मुहैया कराएगी. इनमें बायोमेट्रिक मशीनें, हाई- टेक कैमरे और डिजिटल मापतौल उपकरण शामिल रहेंगे. एजेंसी के जरिए ही उम्मीदवारों के बायोमैट्रिक डेटा को मिलाया जाएगा ताकि किसी भी प्रकार का फर्जीवाड़ा हो.
इस प्रकार होगा शारीरिक परीक्षण
फिजिकल के बारे में बात करें तो पुरुष अभ्यर्थियों को ढाई किलोमीटर की दूरी बारह मिनट में तय करनी होगी. वहीं महिला अभ्यर्थियों को एक किलोमीटर की दौड़ को छह मिनट में पूरा करना होगा. पूर्व सैनिको को एक किलोमीटर की दौड़ पूरी करने के लिए पांच मिनट का समय मिलेगा. इन मानकों को पूरा करने वाले उम्मीदवार ही भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होंगे.
