सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले से लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि सालों से जर्जर हालत में पड़ी जुलाना- गोहाना रोड का बहुत जल्द कायाकल्प किया जाएगा. बता दें कि दिल्ली- अमृतसर- कटरा एक्सप्रेस-वे के निर्माण के दौरान यह सड़क पूरी तरह से टूट गई थी जिससे लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही थी.
यह सड़क पूरी तरह से गढ्ढों में तब्दील हो चुकी थी और आए दिन यहां सड़क दुघर्टना होने का अंदेशा बना रहता है, लेकिन अब इस सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के साथ- साथ नए सिरे से निर्माण किया जाएगा ताकि लोगों का सफर सुरक्षित व आरामदायक हो सकें. इस सड़क मार्ग के सुधार से आधा दर्जन से ज्यादा गांवों की आबादी को फायदा पहुंचेगा.
20 करोड़ रुपए होंगे खर्च
बता दें कि हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा गोहाना- जुलाना सड़क मार्ग के सुधारीकरण को प्रशासनिक मंजूरी दी गई है. लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इस प्रकिया को आगे बढ़ाते हुए सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी किया है. इसके तहत इस सड़क मार्ग के कुछ हिस्से की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी और साथ ही नए सिरे से निर्माण कर चकाचक सड़क मार्ग का तोहफा दिया जाएगा. लगभग 20 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण पर करीब 20 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी.
आवागमन हो जाएगा आसान
इस योजना के तहत गांव की आबादी में बिटुमिनस की जगह कंक्रीट की सड़क बनाई जाएगी ताकि जलभराव से सड़क को कोई नुक़सान न पहुंचे. इस सड़क मार्ग के सुधारीकरण से खानपुर खुर्द, बरोदा मोर व ठुठान, बनवासा, छपरा, रिंढाना और लिजवाना गांवों के लोगों को सफर के लिए सुरक्षित रास्ते की सुविधा मिलेगी. इन गांवों की आबादी का रोजाना गोहाना और जुलाना की तरफ आवागमन रहता है. ऐसे में नई सड़क बनने से लोगों का सफर सुरक्षित व आरामदायक हो जाएगा. लोगों को हिचकोले खाते सफर से छुटकारा मिलेगा.
