चंडीगढ़ | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से पिछले दिनों हरियाणा पुलिस कांस्टेबल के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए थे. इस भर्ती के तहत कुल 5500 पदों को भरा जाएगा. पहले उम्मीदवारों का PMT व PST होगा तथा इसके बाद लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी. जो भी उम्मीदवार शारीरिक परीक्षा पास करेगा वह लिखित परीक्षा में शामिल होगा. हरियाणा पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती के लाखों उम्मीदवारों के शारीरिक माप परीक्षण (PMT) और शारीरिक स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) की तैयारी चल रही है.
जल्द जारी होगा शेड्यूल
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से इन तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह की ओर से भी बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से इस बारे में बताया गया और उन्होंने संकेत दिया है कि विस्तृत शेड्यूल जल्द ही जारी किया जाएगा.
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने पुलिस भर्तियों में सामान्य अभ्यर्थियों व स्पोर्ट्स कोटा अभ्यर्थियों के पीएमटी व पीएसटी एक साथ करवाने का निर्णय किया है. आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह द्वारा बुधवार को बताया गया कि हरियाणा पुलिस में 5500 कॉन्स्टेबलों के लिए आयोग की तरफ से भर्ती प्रक्रिया जारी है.
एक साथ होगा पीएमटी और पीएसटी
5500 पदों के लिए लगभग तीन लाख युवाओं ने अप्लाई किया है. आवेदन करने वाले युवा इन दिनों फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (पीएमटी) और फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (पीएसटी) की तैयारियों में लगे हुए हैं. उन्होंने बताया कि स्पोर्टस कोटे के अभ्यर्थियों का पीएमटी व पीएसटी का आयोजन एक साथ ही होगा.
आयोग के चेयरमैन ने आवेदन करने वाले युवाओं से तैयारी करने का आह्वान किया व यह जानकारी हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष जसविंदर मीनू बैनीवाल व राज्य के खेल मंत्री गौरव गौतम के साथ भी साझा की है ताकि खेल कोटे के उम्मीदवारों को बदलाव के बारे में जानकारी मिल पाए. ऐसे में आयोग द्वारा पीएमटी और पीएसटी का शेड्यूल जल्द ही जारी किया जाएगा. सभी आवेदक युवा अपनी तैयारी सुचारू रूप से करते रहें.
