चंडीगढ़ | पंजाब और हरियाणा की ट्राइसिटी चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला से वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां केंद्र सरकार ने लगभग 1464 करोड़ रुपए की लागत राशि से बनने वाले सिक्स लेन एक्सेस- कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड सड़क मार्ग को मंजूरी प्रदान कर दी है. यह रास्ता NH- 205A के अंबाला- चंडीगढ़ सेक्शन को जीरकपुर बाईपास से कनेक्टिविटी प्रदान करेगा और ट्राईसिटी रिंग प्रोजेक्ट की महत्वपूर्ण कड़ी बनेगा.
केंद्रीय सड़क मंत्री ने दी जानकारी
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि इस नए कॉरिडोर से मोहाली, चंडीगढ़ और पंचकूला के प्रमुख शहरी जंक्शनों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को बड़े स्तर पर कम किया जा सकेगा. वाहन शहर से गुजरने की बजाय इस कॉरिडोर से डायवर्ट हो जाएंगे.
उन्होंने बताया कि NH- 44, NH- 205A और NH- 152D से भारी वाहनों का दबाव कम होगा जिससे रोजाना आवागमन करने वालों को राहत पहुंचेगी. यह प्रोजेक्ट पंजाब के साथ ही हिमाचल प्रदेश खासकर शिमला क्षेत्र के लिए गेम- चेंजर साबित होगा. इससे वाहन चालकों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी जिससे उनकी यात्रा का समय बचेगा.
केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने की सराहना
केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच और मजबूत नेतृत्व से आज पंजाब विकास की नई इबारत लिख रहा है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला से ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी. हिमाचल प्रदेश तक पहुंच आसान व तेज हो जाएगी. सड़क सुरक्षा बेहतर होगी और इन तीनों शहरों से प्रदुषण स्तर कम करने में मदद मिलेगी. यह कॉरिडोर पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई ऊंचाइयां प्रदान करेगा.
