हरियाणा में आएगी नौकरियों की बहार, इस महीने शुरू होगी मारूति सुजुकी की दूसरी यूनिट

सोनीपत | हरियाणा प्रदेश के लोगों को बहुत जल्द एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है. खासकर नौकरी की तलाश में बैठे युवाओं के लिए यह खबर किसी वरदान से कम नहीं होगी. बता दें कि सोनीपत जिले में स्थित IMT खरखौदा में मारूति सुजुकी की दूसरी यूनिट में उत्पादन इसी साल अप्रैल महीने से शुरू हो जाएगा.

Maruti Suzuki Plant

औद्योगिक विकास पकड़ेगा रफ्तार

मारूति सुजुकी कंपनी द्वारा अपनी इस दूसरी यूनिट पर 6 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया गया है जबकि पिछले साल फरवरी में कंपनी ने IMT खरखौदा में 9,413 करोड़ रुपए के निवेश के साथ वाणिज्यिक उत्पादन शुरू किया था. अब इस दूसरी यूनिट में उत्पादन कार्य शुरू होने पर हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर पैदा होंगे और साथ ही हरियाणा प्रदेश का औद्योगिक विकास रफ्तार पकड़ेगा.

IMT सोहना में एटीएल बैटरी टेक्नोलाजी द्वारा दुनिया की सबसे बड़ी लिथियम- आयन बैटरी यूनिट की पहली इकाई में पिछले साल सितंबर महीने में उत्पादन शुरू हो चुका है. यहां कंपनी द्वारा 3 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया गया है. राज्य सरकार ने दिसंबर, 2027 तक सभी सरकारी भवनों पर सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने की घोषणा की है.

NCR क्षेत्र को मिल रही नई पहचान

कल यानि शुक्रवार से शुरू हुए विधानसभा के बजट सत्र में अभिभाषण के दौरान हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने यह जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि हरियाणा प्रदेश ने 2.75 लाख करोड़ रुपये के कुल निर्यात और 1 लाख 61 हजार 707 करोड़ रुपये के माल निर्यात के साथ नया एक्सपोर्ट बेंचमार्क स्थापित किया है.

जैसे- जैसे ग्लोबल सप्लाई चेन निरंतर विकसित हो रही है, हरियाणा का NCR क्षेत्र एक बड़े लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित हो रहा है. हरियाणा के औद्योगिक विकास का पहिया तेज गति से दौड़ रहा है, जो प्रदेश की आर्थिक समृद्धि के लिहाज से शुभ संकेत माना जाता है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.