पंचकूला | हरियाणा के पंचकूला में जल विभाग ने पानी की बर्बादी को लेकर सख्त कदम उठाया है. विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि घरों से पानी की टंकी ओवरफ्लो होने या लीकेज के कारण सड़कों पर पानी बहता पाया गया तो संबंधित उपभोक्ता पर उचित कार्रवाई की जाएगी. विभाग का कहना है कि पानी की बर्बादी की गंभीर समस्या को देखते हुए यह अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है.
लगभग 6 हजार रुपए जुर्माना
बता दें कि पंचकूला के सेक्टर 26, सेक्टर 28 और आशियाना फ्लैट्स, पॉकेट A, पॉकेट B समेत कुछ क्षेत्रों में सरकारी नोटिस जारी कर दिया गया है. यदि किसी प्लांट से पानी की बर्बादी पाई जाती है तो लगभग 6 हजार रुपए का चालान काटा जाएगा, साथ ही पानी के बिल पर 2 हजार रुपए अधिक जुर्माना जोड़ा जाएगा. यदि निर्धारित समय में जुर्माना नहीं भरा गया या सुधार नहीं किया गया तो जल कनेक्शन काटने की भी चेतावनी दी गई है.
लगातार मिल रही थी पानी बर्बादी की शिकायतें
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पंचकूला शहर के विभिन्न सेक्टरों से टंकियों के ओवरफ्लो और पाइपलाइन लीकेज की लगातार शिकायतें मिल रही थी. कई स्थानों पर पानी सड़कों पर बहने से जलभराव और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ रहा है. इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने सख्त रवैया अपनाया है.
जल विभाग ने पंचकूला निवासियों से अपील की है कि वे अपनी पानी की टंकियों, फ्लोट वाल्व और पाइपलाइन की नियमित जांच करवाएं, इससे न केवल जुर्माना से बचा जा सकता है बल्कि जल संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है.
