चंडीगढ़ | होली पर्व के बाद हरियाणा में मौसम का मिजाज बड़ी तेजी से बदलना शुरू हो गया है. दिन और रात का तापमान लगातार बढ़ रहा है जिससे सुबह और शाम के समय होने वाली गुलाबी ठंड खत्म होने लगी है. समय से पहले तापमान में लगातार बढ़ोतरी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है.
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि आगामी सप्ताह में गर्मी के तेवर और कड़े हो सकते हैं जहां पर अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. केवल दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी अब गर्म होने लगी हैं. न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है जिसके 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है.
हरियाणा में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह के मध्य में मौसम में बदलाव की संभावना जताई है. इस दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की भी संभावनाएं बनी हुई हैं, जिससे तापमान में आंशिक गिरावट आ सकती है.
तापमान में हुई इस बढ़ोतरी के कारण अधिकांश घरों में अब पंखों का इस्तेमाल होना शुरू हो गया है. दोपहर के समय चमचमाती धूप के कारण लोगों को हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है.
सूती कपड़ों की बढ़ी डिमांड
बदलते मौसम का सीधा असर बाजार और जनजीवन पर दिखने लगा है. बाजारों में अब गर्म कपड़ों की जगह सूती और हल्के कपड़ों ने ले ली है. खान- पान में भी बदलाव आया है. लोगों ने अब गर्म तासीर वाली चीजों की जगह ठंडे पेय पदार्थों, आइसक्रीम जूस और मौसमी फलों को तरजीह देना शुरू कर दिया है. दुकानों पर अब ठंडी चीजों की मांग बढ़ गई है.
