सोनीपत | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे सोनीपत जिले के रेलवे स्टेशन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जीर्णोद्धार कार्य के अन्तर्गत यात्रियों की बुनियादी सुविधाओं में इजाफा करते हुए आधुनिक वेटिंग रूम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. जिसके बाद यात्रियों को ट्रेन के इंतजार के लिए घंटों बेंच पर बैठकर समय नहीं गुजारना पड़ेगा.
रेलवे ने यहां स्टेशन की नई बिल्डिंग में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस दो नए वेटिंग हॉल के दरवाजे यात्रियों के लिए खोल दिए हैं. प्लेटफॉर्म नंबर- 1 पर शुरू हुई इस सेवा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यात्रियों को अब खाने-पीने की चीजों के लिए बाहर नही भटकना पड़ेगा बल्कि उन्हें वेटिंग हॉल के भीतर ही लजीज व्यंजनों का स्वाद चखने को मिलेगा.
सोनीपत में एक साथ बैठ सकेंगे 30 यात्री
रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधाओं में इजाफा करते हुए 29 करोड़ की लागत से बने वातानुकूलित (AC) और स्लीपर श्रेणी के दो अलग-अलग वेटिंग हॉल तैयार किए हैं. इन दोनों ही जगहों पर यात्रियों के लिए आधुनिक और आरामदायक सोफा सेट और कुर्सियों की सुविधा उपलब्ध कराई है. प्रत्येक वेटिंग हॉल में लगभग 30-30 यात्री एक साथ बैठकर आराम फरमा सकेंगे. एक ही समय में 60 यात्रियों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की गई है. दोनों वेटिंग हॉल इस हिसाब से तैयार किए गए हैं कि यात्री लंबे समय तक बोर हुए बिना ट्रेनों का इंतजार कर सकेंगे.
एसी में फरमा सकेंगे आराम
अक्सर देखा जाता है कि यात्री सामान की सुरक्षा के डर से खाने- पीने की चीजों के लिए वेटिंग हॉल छोड़कर बाहर जाने में हिचकिचाते हैं. यात्रियों को इसी समस्या से छुटकारा दिलाते हुए वेटिंग हॉल के भीतर ही खाने- पीने के लजीज व्यंजनों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. यहां यात्रियों को उनके पसंदीदा राजमा- चावल, छोले- भटूरे और अन्य कई तरह के फास्ट फूड सहित पीने का पानी, चाय- कॉफी व कोल्ड ड्रिंक की सुविधा मिलेगी.
रेलवे द्वारा इन सुविधाओं को आमजन की जेब के अनुकूल रखा है. एसी वेटिंग हॉल की सुविधा का लाभ उठाने के लिए यात्रियों से प्रति घंटा 20 रुपए का शुल्क वसूल किया जाएगा. इससे यात्री चिलचिलाती गर्मी और उमस के बीच ठंडक का अहसास ले सकेंगे. स्लीपर वेटिंग हॉल में आराम फरमाने पर यात्रियों से किसी भी तरह का शुल्क नहीं वसूला जाएगा. विशेष रूप से लंबी दूरी की ट्रेनों का इंतजार करने वाली फैमिली और बुजुर्गो को इस सुविधा का सबसे बड़ा फायदा मिलेगा.
