सोनीपत | हरियाणा सरकार राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है. इसी कड़ी में सोनीपत जिले के सिविल अस्पताल में दो नई ‘ कंट्रास्ट बाथ मशीनें’ उपलब्ध कराई गई है. इन मशीनों को जल्द ही उपचार कार्य के लिए उपयोग किया जाएगा. इस आधुनिक मशीन के आने से दर्द, सूजन और खेल- कूद से जुड़ी चोटों से जख्मी मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा.
कंट्रास्ट बाथ मशीन की सुविधा
कंट्रास्ट बाथ मशीन एक प्रकार की फिजियोथेरेपी तकनीक है, जिसमें गर्म और ठंडे पानी का बारी-बारी से इस्तेमाल किया जाता है. इससे शरीर के प्रभावित हिस्सों में रक्त संचार बेहतर होता है और सूजन कम होती है. इस थेरेपी से मोच, मांसपेशियों में खिंचाव, जोड़ों के दर्द और खेल-कूद के दौरान आने वाली चोट से जल्द राहत मिलती है. अस्पताल प्रशासन के अनुसार इन मशीनों के शुरू होने के बाद लोगों को थेरेपी के लिए प्राइवेट सेंटर्स पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि सरकारी अस्पताल में इलाज होने से समय और पैसा दोनों की बचत होगी. इन मशीनों के शुरू होने से खासतौर पर ऑर्थोपेडिक और फिजियोथेरेपी विभाग के मरीजों को बड़ा फायदा होगा.
मरीजों की रिकवरी प्रक्रिया होगी तेज
नई कंट्रास्ट बाथ मशीनों के शुरू होने के बाद मरीजों को बेहतर स्तर पर उपचार मिलेगा. इससे न केवल दर्द से राहत मिलेगी, बल्कि मरीजों की रिकवरी प्रक्रिया तेज होगी. यह मशीन खिलाड़ियों, बुजुर्गों और गठिया से पीड़ित मरीजों के लिए ज्यादा फायदेमंद साबित होगी.
सिविल अस्पताल में हर रोज लगभग 50 से 60 मरीज ऐसे आते है, जिन्हे गर्दन, कमर दर्द, पैरों में दर्द और जोड़ों के दर्द जैसी समस्या होती है. इन मशीनों के जुड़ने से विभाग की इलाज क्षमता में बढ़ोतरी होगी और कम समय में ज्यादा मरीजों की थेरेपी होगी. इन नई सुविधाओं के जुड़ने से न केवल सोनीपत बल्कि आसपास के क्षेत्रों को भी फायदा होगा.
