सोनीपत | समर सीजन में हरियाणा के रेलयात्रियों को एक और स्पेशल ट्रेन का तोहफा मिला है. इस ट्रेन के संचालन से हरियाणा से दिल्ली होते हुए उत्तर प्रदेश तक यात्रियों का सफर आरामदायक हो जाएगा. गर्मी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए यह समर स्पेशल ट्रेन संचालित की जाएगी ताकि लोगों का सफर सुगम हो सकें.

हरियाणा- UP के बीच आवागमन बनेगा आसान
उत्तर प्रदेश के मऊ से सोनीपत के रास्ते अंबाला कैंट तक इस ट्रेन की संचालन अवधि 2 अप्रैल से 17 जुलाई तक रहेगी. इस समर स्पेशल ट्रेन के संचालन से जीटी रोड से लगते जिलों अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत से लोगों के लिए यूपी का सफर आरामदायक हो जाएगा.
ट्रेन नंबर 05301, प्रत्येक वीरवार को मऊ जंक्शन से सुबह 4 बजे रवाना होकर रात 09.12 बजे सोनीपत और रात साढ़े 12 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 05302, प्रत्येक शुक्रवार को अंबाला कैंट से रात 01.40 बजे रवाना होकर सुबह 03.40 बजे सोनीपत और रात 11 बजे मऊ जंक्शन पर पहुंचेगी.
कंफर्म टिकट मिलना होगा आसान
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गर्मी सीजन में हरियाणा से उत्तर प्रदेश के बीच सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हो जाती है. पर्यटन और घरेलू यात्राओं के कारण नियमित ट्रेनों में पैर रखने की जगह तक नहीं मिलती है. ऐसे में इस ट्रेन की संचालन अवधि में विस्तार से यात्रियों के पास ज्यादा विकल्प मौजूद रहेंगे. उन्हें न केवल लंबी वेटिंग लिस्ट से राहत मिलेगी बल्कि कंफर्म टिकट मिलने की संभावना भी बढ़ जाएगी. वहीं, पर्यटकों को भी इस ट्रेन के संचालन का लाभ मिलेगा.