सोनीपत | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सोनीपत रोडवेज डिपो के उपकेंद्र गोहाना बस स्टैंड से विभिन्न रूटों पर बस सेवाओं में बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है. इस संबंध में रोडवेज कर्मचारी कष्ट निवारण महासभा हरियाणा का प्रतिनिधिमंडल प्रदेशाध्यक्ष संजीव स्वामी के नेतृत्व में रोडवेज विभाग के जिला महाप्रबंधक संजय कुमार से मुलाकात की थी.

कोटा के लिए चलेगी एसी बस
इस प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की मांगों से अवगत कराते हुए यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गोहाना सब- डिपो में बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की. उनकी इस मांग पर जिला महाप्रबंधक ने गोहाना सब- डिपो के लिए एक AC बस उपलब्ध कराने का वादा किया, जिसे गोहाना से राजस्थान के कोटा रूट पर संचालित किया जाएगा. गोहाना से भिवानी रूट पर 2 अतिरिक्त बसों के संचालन की मंजूरी दी गई है.
रोडवेज जिला महाप्रबंधक ने कर्मचारियों की कई मांगों को पूरा करने का वादा किया. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का दिसंबर का बकाया ओवर टाइम का भुगतान बहुत जल्द किया जाएगा. एसीपी का एरियर 30 अप्रैल से पहले खातों में जमा कराया जाएगा. साल 2016 में लगे ड्राइवर्स का गोहाना में जल्द ही ओवर टाइम चालू किया जाएगा और इनकी एलटीसी का भुगतान किया जाएगा.
स्टूडेंट्स और यात्रियों को मिलेगा फायदा
प्रदेशाध्यक्ष संजीव स्वामी ने बताया कि गोहाना से कोटा के लिए एसी बस सेवा शुरू होने का सबसे बड़ा फायदा स्टूडेंट्स को मिलेगा. क्षेत्र से कोटा के विभिन्न कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले छात्रों को इस एसी बस सेवा में आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा. वहीं, भिवानी के लिए अतिरिक्त बसों के संचालन से यात्रियों को सीट मिलना आसान हो जाएगा. गोहाना से वाया महम होकर भिवानी रूट पर यात्रियों की भीड़ देखने को मिलती हैं. ऐसे में अतिरिक्त बसों के चलने से यात्रियों को राहत पहुंचेगी. उन्हें बस के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.