नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में उत्तरी दिल्ली के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां लंबे समय से इंतजार में रही मुकरबा चौक अंडरपास परियोजना की बहुत जल्द सौगात मिलने जा रही है. तीनों का निर्माण कार्य लगभग पूरा होने की कगार पर पहुंच चुका है. जल्द ही, इन्हें वाहनों के लिए खोला जाएगा.

बनेंगे 3 नए अंडरपास
हैदरपुर बादली मोड़ मेट्रो स्टेशन के पास इस परियोजना के तहत कुल 3 नए अंडरपास बनाए गए हैं. इनमें से 2 अंडरपास से वाहनों की आवाजाही की सुविधा मिलेगी जबकि तीसरा अंडरपास स्पेशल पैदल यात्रियों और साईकिल सवारों के लिए तैयार किया गया है. पैदल यात्रियों के लिए बने इस अलग रास्ते से मेट्रो स्टेशन तक आवागमन करने वाले लोगों को सड़क क्रॉस करना आसान होगा जिससे उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होगी.
इन इलाकों को मिलेगा फायदा
लोक निर्माण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इन अंडरपास निर्माण का उद्देश्य आउटर रिंग रोड और मुकरबा चौक पर लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से छुटकारा दिलाना है. इसके शुरू होने से रोहिणी सेक्टर- 18 व 19, बादली गांव, शालीमार बाग और संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर के बीच सफर करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा सहूलियत मिलेगी.
अब तक लोगों को मुकरबा चौक फ्लाईओवर से एक लंबा चक्कर काटकर अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचना पड़ रहा था लेकिन अब इन अंडरपास के खुलने से एकदम सीधे रास्ते की सुविधा मिलेगी और यात्रा की दूरी में कमी आएगी.
कार्बन उत्सर्जन में आएगी कमी
उन्होंने बताया कि रोजाना 10 हजार से ज्यादा वाहन इन नए अंडरपास का इस्तेमाल करेंगे. इससे न केवल ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी बल्कि यात्रियों के लिए सफर में हर बार 10 मिनट से ज्यादा का समय बचेगा. इसके अलावा, ट्रैफिक जाम से नही जुझना पड़ेगा तो ईंधन की भी बचत होगी.
इसका सीधा सकारात्मक असर पर्यावरण पर भी पड़ेगा क्योंकि इससे हर साल कार्बन उत्सर्जन में अच्छी- खासी कमी आएगी. यह अंडरपास दिल्ली के लोगों को एक साथ कई फायदे पहुंचाने का काम करेंगे जिससे उनके लिए सफर करना सुरक्षित व आरामदायक हो जाएगा.