नई दिल्ली | रेलयात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यदि आप भी आने वाले दिनों में ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं तो एक बार इस खबर को ध्यान से पढ़ लें अन्यथा बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने अगले महीने कई ट्रेनों के रद्द या प्रभावित रहने की महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है.

यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि दिल्ली मंडल में दिल्ली किशनगंज स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग और नए इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग पैनल का कार्य किया जाएगा. इसके चलते 5 मई से 13 मई तक कई ट्रेनों को रद्द किया गया है और कई ट्रेनें रूट डायवर्ट से संचालित होगी. इससे हरियाणा व पश्चिमी यूपी के यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी.
उन्होंने बताया कि उपरोक्त कार्य के चलते नई दिल्ली-रोहतक, दिल्ली- जींद, दिल्ली- नरवाना, दिल्ली- शामली समेत कई प्रमुख पैसेंजर ट्रेनों को इस अवधि में अलग- अलग तिथियों पर पूरी तरह रद्द किया गया है. शकूरबस्ती- नई दिल्ली जैसी कुछ स्थानीय ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहेगा. कई लंबी दूरी की ट्रेनों को रूट डायवर्ट से संचालित किया जाएगा. इनमें कटरा से कन्याकुमारी, कटरा से चेन्नई, कटरा से जबलपुर और कटरा से तिरुनेलवेली जाने वाली ट्रेनों का वैकल्पिक मार्ग से संचालन किया जाएगा.
सफर से पहले जानें स्थिति
पलवल, गाजियाबाद, दनकौर और खुर्जा रूट की कई लोकल ट्रेनों का संचालन नई दिल्ली या दिल्ली जंक्शन तक ही सीमित रहेगा. कई ट्रेनें निर्धारित समय से कुछ मिनट या घंटे की देरी से चलेगी या रास्ते में रोका जाएगा. रेलवे ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि वे घर से निकलने से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी हासिल कर लें और उसी हिसाब से अपनी यात्रा की योजना बनाएं.