नई दिल्ली | गर्मियों की छुट्टियां हो या वीकेंड का ब्रेक, दिल्ली – एनसीआर के लोग अक्सर आसपास के ऐसे पर्यटन स्थलों की तलाश में रहते है जहां कम समय में अच्छा अनुभव मिल सके. इसी कड़ी में मेरठ और उसके आसपास के कई पिकनिक स्पॉट्स इन दिनों काफी चर्चा में है. परिवार हो या दोस्तों के साथ घूमना हो, यह जगह लोगों की पहली पसंद बनती जा रही है.

दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के नजदीक मौजूद ये स्थान प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक महत्व और मनोरंजन का बेहतरीन संगम है. खासकर मेरठ जो सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रूप से समृद्ध शहर है, यहां कई ऐसे स्थान है जहां नमो भारत ट्रेन के जरिए लोग एक दिन की ट्रिप आसानी से प्लान कर सकते है.
स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आजादी तक की घटना
मेरठ शहर में भैसाली मेट्रो स्टेशन के पास ही यह म्यूजियम बना हुआ है, जहां 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से लेकर देश के आजाद होने तक की हर घटना का विस्तार दिया गया है. इस म्यूजियम की गैलरी इतिहास को डिस्प्ले बोर्ड, फ्लेक्स और LED स्क्रीन के माध्यम से दर्शाती है. यहां प्रज्वलित अमर जवान ज्योति और भव्य अशोक स्तंभ प्रमुख आकर्षण केंद्रों में से है.
यहां स्थित सूरज कुंड पार्क, गांधी बाग और औघड़नाथ मंदिर केवल धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व रखते है, बल्कि पिकनिक के लिहाज से भी काफी चर्चा में है. हरियाली और शांत वातावरण इस जगह को ओर खास बना देता है.
जम्बूद्वीप एक शानदार स्पॉट
मेरठ के हस्तिनापुर में जैन समाज द्वारा विकसित किया गया जम्बूद्वीप एक शानदार स्पॉट है. यहां बच्चों के लिए झूले वाली नाव, सफारी ट्रेन और हंसी की लोटपोट ट्रेन के साथ-साथ बोटिंग की सुविधा भी है. इसके साथ ही यहां सुमेरु पर्वत बहुत अद्भुत है, जिस पर आप गोल- गोल घूमते हुए कब 40 फीट पर पहुंच जाएंगे आपको पता भी नहीं चलेगा. इसका समय दोपहर 12 बजे के बाद शुरू होता है.
पांडव टीला खास
हस्तिनापुर को महाभारत काल की दिव्य धरती माना जाता है. यहां स्थित ‘पांडव टीला’ यहां पांडवों के महल को प्रदर्शित करता है, आज यह हस्तिनापुर का सबसे ऊंचा स्थान है. यहां कई ऐसे ऐतिहासिक मंदिर भी है जहां लोग दर्शन करने आते है. यहां खुदाई के दौरान प्राचीन अवशेष भी मिलते है. लोग यहां ऊंचे टीलों पर फोटोग्राफी भी करते है. यहां का नजारा भव्य और सुकून भरा होता है.
मेरठ से 30 KM दूर स्थित सरधना चर्च पर्यटन के लिए बेहद खास है. इसे ताजमहल की तर्ज पर बनाया गया है. यहां भारत देश के साथ विदेशों से भी लोग घूमने आते है. इसका निर्माण दो सौ साल पहले बेगम समरू ने कराया था. यहां घूमने का समय दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक का रहता है.
वीकेंड ट्रिप की ये जगह आपके बजट के हिसाब से भी सही है, क्योंकि यहां हर वर्ग के लोग आसानी से पहुंच सकते है. इसके साथ ही, यहां सड़क और मेट्रो कनेक्टिविटी बेहतर होने के कारण पहुंचना भी आसान है. आने वाले समय में ये जगह ओर भी लोकप्रिय होती जा रही है. ऐसे में यदि आप भी छुट्टियों में ट्रिप प्लान कर रहे है तो मेरठ और दिल्ली- एनसीआर के ये पिकनिक स्पॉट्स आपके लिए बेस्ट ऑप्शन है.