भिवानी | हरियाणा के भिवानी जिले में स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) में वीरवार सुबह उस वक्त हंगामा हो गया जब हरियाणा अध्यापक पात्रता प्रक्रिया (एचटेट) 2024 के रिकॉर्ड को खत्म करने की प्रक्रिया को लेकर अधिकारी और कर्मचारी आमने- सामने हो गए. कर्मचारियों की तरफ से आरोप लगाया कि हाई कोर्ट के साफ आदेशों के बाद भी रिकॉर्ड हटाने का प्रयास हो रहा है.

हरियाणा बोर्ड में मचा बवाल
मिली जानकारी के मुताबिक, 29 अप्रैल को हाई कोर्ट ने आर्डर दिए थे कि एचटेट 2024 से संबंधित सभी भौतिक और डिजिटल रिकॉर्ड सेफ रखे जाएं. उनमें किसी भी प्रकार की छेड़खानी न की जाए. इसके बावजूद सुबह स्पेशल एक्जाम ब्रांच में कुछ मजदूरों के साथ अधिकारी पहुंचे और रिकॉर्ड उठवाने लगे. इस पर कर्मचारियों ने विरोध किया व काम बंद कर दिया, ब्रांच को ताला लगा दिया गया और कर्मचारी धरने पर बैठ गए. कर्मचारियों का कहना था कि रिकॉर्ड नष्ट कर कोर्ट की संभावित कार्रवाई से बचने का प्रयास हो रहा है.
सचिव ने कर्मचारियों को दिया आश्वासन
विरोध बढ़ने पर बोर्ड के अन्य कर्मचारी भी मौके पर इकट्ठा हो गए और प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी शुरू कर दी. स्थिति गंभीर होने पर पुलिस को तुरंत बुलाया गया. बाद में बोर्ड सचिव मुनीष शर्मा ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि कोर्ट के आदेशों की अवहेलना नहीं की जा रही है और सिर्फ पुराना रिकॉर्ड हटाने की बात थी. उन्होंने कहा कि साल 2009, 2010 और 2011 के पुराने रिकॉर्ड भी उपलब्ध हैं. पूरा दिन कर्मचारी धरने पर डटे रहे और मामले को लेकर तनाव बना रहा.
वेरिफिकेशन के लिए बुलाए गए अभ्यर्थी
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की तरफ से 30 व 31 जुलाई को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा 2024 लेवल- 1, 2 व 3 की परीक्षा का आयोजन किया गया था. बोर्ड ने रिजल्ट बनाया व सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार परिणाम घोषणा से पहले पास हुए अभ्यर्थियों की 25 व 26 अगस्त 2025 को बायोमेट्रिक वैरिफिकेशन करवाई गई. जिसके लिए 46,094 अभ्यर्थियों को बुलाया गया. फिर 30 अगस्त 2025 तक परिणाम घोषित करने की तैयारी थी, लेकिन रिजल्ट लगभग तीन महीने बाद 10 नवंबर को जारी हुआ.
इसके पीछे का कारण बताया गया कि चौथी फर्म से आडिट करवाया गया है. हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2024 में कुल 3,35,076 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. लेवल- 1 (पीआरटी) में 16.09 प्रतिशत, लेवल- 2 (टीजीटी) में 16.05 प्रतिशत एवं लेवल- 3 (पीजीटी) में 9.65 प्रतिशत अभ्यर्थी पास हुए हैं. लेवल- 1 (पीआरटी) की परीक्षा में 10,660 अभ्यर्थी, लेवल- 2 (टीजीटी) में 27014 और लेवल- 3 (पीजीटी) में 9704 अभ्यर्थी पास हुए.