कैथल | हरियाणा के कैथल जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि कैथल में नई अप्रूव्ड कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को जल्द ही पेयजल समस्या से राहत मिलने वाली है. इसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने बड़ी योजना तैयार की है, जिसके तहत करीब 22 करोड़ रुपए की लागत से नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी और पुरानी पाइप लाइनों को ठीक किया जाएगा.
इन कॉलोनियों में बिछेगी नई पाइपलाइन
योजना के अनुसार अमृत सरिया डेरा, शुगर मिल कॉलोनी पार्ट 2, रणधीर कॉलोनी फेज 1, डिफेंस कॉलोनी एक्सटेंशन 2, शहीद भगत सिंह कॉलोनी एक्सटेंशन, अर्जुन नगर एक्सटेंशन 1, ऑक्सफोर्ड स्कूल कॉलोनी, शुगर मिल कॉलोनी पार्ट 3, भगत सिंह कॉलोनी एक्सटेंशन फेज 2, जनकपुरी एक्सटेंशन 3, जनकपुरी एक्सटेंशन 1, जीवन राइज के पीछे की कॉलोनी, हेरिटेज स्कूल के पास की कॉलोनी, मायापुरी कॉलोनी एक्सटेंशन, ओशो पुरम विस्तार कॉलोनी शामिल है.
इसके साथ देवीगढ़ के साथ लगती कॉलोनी, राधा स्वामी सत्संग भवन के पास की कॉलोनी, कपिल नगर कॉलोनी, मॉडल टाउन बेनाम कॉलोनी, सीतानगर, अनाज मंडी कॉलोनी व ऋषि नगर बेनाम कॉलोनी शामिल की गई है. इन सभी कॉलोनियों में पेयजल लाइनें बिछाई जाएगी.
जल्द शुरू होगा कार्य
इन कॉलोनियों में लंबे समय से पीने की पानी की दिक्कत बनी हुई है. कई जगहों पर लोग टैंकरों पर निर्भर है. इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार ने पाइपलाइन नेटवर्क को मजबूत करने का फैसला लिया है. इस योजना के तहत कॉलोनियों में नई पाइपलाइन बिछाकर नियमित और साफ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जल्द ही लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा.
