सोनीपत | हरियाणा में सोनीपत के यात्रियों को जल्द ही एक बड़ी सुविधा मिल सकती है. हरियाणा रोडवेज ने सोनीपत से बरेली के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं. लंबे समय से इस रूट पर सीधी बस की मांग कर रहे यात्रियों को राहत देने के लिए रोडवेज अधिकारियों ने प्रस्तावित मार्ग का सर्वे शुरू कर दिया है. सर्वे पूरा होने के बाद रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी और मंजूरी मिलने पर बस सेवा शुरू कर दी जाएगी. वर्तमान में सोनीपत से बरेली जाने वाले यात्रियों को करीब 300 किलोमीटर के सफर के दौरान कई जगह बसें बदलनी पड़ती हैं.

इससे समय की बर्बादी होने के साथ- साथ यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी भी झेलनी पड़ती है. खासकर नौकरी, व्यापार, शिक्षा और अन्य जरूरी कार्यों से बरेली जाने वाले लोगों को सीधी बस सेवा नहीं होने के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.
लोगों को होगा फायदा
यात्रियों की लगातार मांग के बाद रोडवेज विभाग ने इस रूट की व्यवहारिकता को जांचने के लिए सर्वे शुरू किया है. सर्वे के दौरान संभावित मार्ग, यात्रियों की संख्या, किराया, बस स्टॉप और संचालन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का अध्ययन किया जा रहा है. अधिकारियों ने प्रारंभिक रिपोर्ट भी तैयार कर ली है, जिसे जल्द मुख्यालय भेजा जाएगा. यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है तो सोनीपत और बरेली के बीच यात्रा पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगी. यात्रियों को बार-बार बस बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी और सफर अधिक सुविधाजनक बनेगा.
विस्तार पर चल रहा काम
उधर, रोडवेज की ई- बस सेवाओं के विस्तार पर भी तेजी से काम चल रहा है. दिल्ली आईएसबीटी तक ई-बसों के संचालन को मंजूरी मिल चुकी है. हालांकि अभी एसी बसों और ई-बसों के किराये में अंतर को लेकर विचार-विमर्श जारी है. फिलहाल, दिल्ली तक एसी बस का किराया 67 रुपये है, जबकि किलोमीटर आधारित व्यवस्था के अनुसार ई- बस का किराया करीब 87 रुपये बैठ रहा है. दोनों किरायों के बीच 20 रुपये का अंतर विभाग के सामने चुनौती बना हुआ है. इसके अलावा गोहाना और पानीपत रूट पर भी ई- बसों के संचालन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. रोडवेज द्वारा भर्ती किए जा रहे 50 परिचालकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें ई- बसों में तैनात किया जाएगा.
50 नई ई- बसें बेड़े में होगी शामिल
वर्तमान में सोनीपत डिपो के पास 15 ई- बसें उपलब्ध हैं. जल्द ही, 50 नई ई- बसें बेड़े में शामिल होने की उम्मीद है. इससे विभिन्न रूटों पर आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सेवाओं का विस्तार किया जा सकेगा. रोडवेज डिपो सोनीपत के जीएम संजय कुमार ने बताया कि बरेली रूट पर बसों के संचालन के लिए सर्वे शुरू कर दिया गया है. रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी और मंजूरी मिलने के बाद इस रूट पर बस सेवा शुरू कर दी जाएगी जिससे यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.