सोनीपत | हरियाणा का औद्योगिक क्षेत्र सोनीपत में लंबे समय से बिजली आपूर्ति की समस्याओं से जूझ रहे उद्योगपतियों के लिए राहत की खबर है. क्षेत्र में 33 केवी क्षमता के दो नए पावर हाउसों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बिजली व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी और उद्योगों को बार- बार होने वाली तकनीकी परेशानियों से राहत मिलेगी. जानकारी के अनुसार, एक पावर हाउस का निर्माण उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) की ओर से अधिकृत एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा है जबकि दूसरे पावर हाउस का निर्माण एचएसआईआईडीसी द्वारा करवाया जा रहा है. दोनों परियोजनाओं का निर्माण कार्य 31 मार्च 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा.

बिजली विभाग के अधीक्षक अभियंता प्रवीण गर्ग ने बताया कि परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि तय समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा हो सके. उन्होंने कहा कि अगले साल गर्मियों में उद्योगों को बिजली संबंधी किसी बड़ी समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
लोगों को मिलेगी राहत
अधिकारियों के अनुसार, नए पावर हाउस शुरू होने के बाद ओवरलोडिंग और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या में काफी कमी आएगी. इससे बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और भरोसेमंद बनेगी. बड़ी इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित गोयल ने बताया कि क्षेत्र के उद्योगपति वर्ष 2021 से बिजली ढांचे को मजबूत करने की मांग कर रहे हैं. औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ बिजली की मांग लगातार बढ़ी है लेकिन मौजूदा नेटवर्क पर बढ़ते दबाव के कारण उद्योगों को हाई व लो वोल्टेज, अघोषित कटौती और ओवरलोड जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
नहीं होगा नुकसान
उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति में बाधा आने से उत्पादन प्रभावित होता है और कई बार मशीनों को भी नुकसान उठाना पड़ता है. ऐसे में नए पावर हाउस क्षेत्र के सैकड़ों औद्योगिक प्रतिष्ठानों के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे. परियोजना समय पर पूरी होने के बाद बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी. साथ ही, उत्पादन क्षमता बढ़ने और कारोबार को सुचारु रूप से चलाने में भी मदद मिलेगी.