हरियाणा रोडवेज की नई सौगात, सोनीपत- बरेली सीधी बस सेवा शुरू

सोनीपत | शहर के यात्रियों के लिए राहत की खबर है. उत्तर प्रदेश के बरेली, रामपुर और मुरादाबाद जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए हरियाणा रोडवेज ने सोनीपत से बरेली तक सीधी बस सेवा शुरू कर दी है. यह सेवा गुरुवार से शुरू की गई है, जिससे यात्रियों को बीच रास्ते में बस बदलने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा. रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, यह बस सेवा प्रतिदिन संचालित की जाएगी. बस सुबह 11 बजे सोनीपत बस अड्डे से रवाना होकर शाम करीब 5 बजे बरेली पहुंचेगी. वापसी में बस अगले दिन सुबह 5:15 बजे बरेली से चलेगी और सुबह 11:30 बजे सोनीपत पहुंचेगी. कुल 304 किलोमीटर के इस सफर का किराया 449 रुपये निर्धारित किया गया है.

Haryana Roadways Bus

यह रूट लंबे समय से यात्रियों की मांग में शामिल था. रोडवेज विभाग ने सितंबर-अक्टूबर 2025 में इस मार्ग का विस्तृत सर्वे कराया था जिसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेजी गई थी. मंजूरी मिलने के बाद अब इस रूट पर बस सेवा शुरू कर दी गई है.

नहीं होगी परेशानी

अब तक सोनीपत से बागपत, मेरठ और गढ़मुक्तेश्वर तक ही सीधी बस सेवा उपलब्ध थी, लेकिन आगे के शहरों तक जाने वाले यात्रियों को बार- बार वाहन बदलना पड़ता था. नई बस सेवा शुरू होने से यह समस्या समाप्त हो गई है. बरेली, रामपुर और मुरादाबाद जाने वाले यात्रियों को अब समय की बचत के साथ- साथ अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिलेगी. पहले अलग- अलग बसें बदलने के कारण यात्रा में अधिक समय लगता था, लेकिन अब सीधी बस सेवा से सफर कम समय वाला हो चुका है.

यह भी पढ़े -  यात्रीगण कृपया ध्यान दें! नए समय से संचालित होगी हरियाणा में 2 पैसेंजर ट्रेनें

आय में भी होगी वृद्धि

इस नए लंबे रूट के शुरू होने से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ- साथ विभाग की आय में भी वृद्धि होगी. वर्तमान में सोनीपत डिपो से कई महत्वपूर्ण रूटों पर बसों का संचालन किया जा रहा है, जिनमें कटरा, आगरा, हरिद्वार, शिमला, सुजानपुर, जयपुर और अन्य रूट शामिल हैं. सोनीपत डिपो के महाप्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए बरेली के लिए सीधी बस सेवा शुरू की गई है जिससे रामपुर और मुरादाबाद जाने वाले यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.