चंडीगढ़ | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) से जुड़े योग्य और अयोग्य अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है. बोर्ड ने 20 से अधिक प्रश्नों के उत्तर खाली छोड़ने वाले 1973 अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित किया है. वहीं, पात्र अभ्यर्थियों को 10 से 12 अगस्त तक बायोमैट्रिक सत्यापन के लिए बुलाया गया है. बोर्ड के चेयरमैन शंकर धुपड़ ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने OMR उत्तर-पुस्तिका में 20 से अधिक प्रश्नों के लिए चार में से किसी भी गोले को काला नहीं किया, उनकी कॉपियों का मूल्यांकन नहीं किया गया.

यह निर्देश परीक्षा शहर सूचना पर्ची और प्रवेश पत्र में पहले से स्पष्ट रूप से दिया गया था. इसी आधार पर ऐसे उम्मीदवारों की उम्मीदवारी अयोग्य मानी गई है. बोर्ड की ओर से जारी सूची के अनुसार कुल 1973 अभ्यर्थी डिसक्वालीफाई हुए हैं.
HTET में अभ्यर्थी डिसक्वालीफाई
इनमें लेवल- 1 (PRT) के 450, लेवल- 2 (TGT) के 828 और लेवल- 3 (PGT) के 695 अभ्यर्थी शामिल हैं. योग्य घोषित अभ्यर्थियों के लिए 10 से 12 अगस्त तक बायोमैट्रिक सत्यापन कराया जाएगा. इसके लिए प्रदेश के सभी 22 जिलों में जिला स्तर पर बायोमैट्रिक सेंटर बनाए गए हैं. अभ्यर्थी सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच अपने निर्धारित केंद्र पर पहुंचकर सत्यापन करा सकेंगे.
सवाल खाली छोड़ना पड़ा भारी
इस साल HTET परीक्षा के लिए हरियाणा में 383 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. परीक्षा में कुल 2,33,894 अभ्यर्थी शामिल हुए. इनमें 1,66,137 महिला और 67,157 पुरुष परीक्षार्थी थे. लेवल- 3 (PGT) में 73,091, लेवल- 2 (TGT) में 1,19,141 और लेवल- 1 (PRT) में 41,062 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी. अब बायोमैट्रिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी.