हरियाणा के युवाओं के लिए खुशखबरी, HSSC जल्द जारी करेगा भर्ती कैलेंडर; CM सैनी का ऐलान

सोनीपत | मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) जल्द ही भर्ती कैलेंडर जारी करेगा. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की मांग पर यह फैसला लिया गया है. CM वीरवार को सोनीपत के ICS सेंटर में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी ऑनलाइन भी जुड़े. सीएम ने कहा कि युवा सपने देखना कभी बंद न करें. इन सपनों को पूरा करने के लिए सरकार पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है.

HSSC

उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी किसी तपस्या से कम नहीं होती. युवा दिन- रात मेहनत करते हैं. सरकार उनकी मेहनत व संघर्ष का सम्मान करती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां मिली हैं. इस व्यवस्था की सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं.

HSSC जारी करेगा कैलेंडर

सीएम ने बताया कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर तैयारी कराने के उद्देश्य से मिशन बुनियाद और सुपर-100 जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं. इन योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को विशेष मार्गदर्शन और प्रशिक्षण दिया जा रहा है. कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सरकार युवाओं के सुझावों को सुनकर उन्हें नीतियों में शामिल कर रही है. इस अवसर पर सोनीपत के विधायक निखिल मदान, हरियाणा ब्यूरो ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज के चेयरमैन मोहन लाल कौशिक, मेयर राजीव जैन सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

यह भी पढ़े -  रिश्वत लेने वालों की खैर नहीं, हरियाणा ACB ने 190 अधिकारियों को किया चिन्हित; जल्द होगी कार्रवाई

CM सैनी का ऐलान

CM ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश में दो तरह की विचारधाराएं हैं. एक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत, पारदर्शी व्यवस्था और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए काम कर रही है, जबकि दूसरी केवल विरोध, झूठ फैलाने और युवाओं को गुमराह कर राजनीतिक लाभ लेने में लगी है. उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन का युवाओं के हितों से कोई सरोकार नहीं है. साथ ही, पंजाब में भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक के मामलों पर भी जवाब देने की बात कही. बता दें कि कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री गन्नौर स्थित गुप्तिधाम तीर्थ पहुंचे और गुप्तिसागर गुरुदेव से आशीर्वाद लिया.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.