चंडीगढ़ | हरियाणा के किसानों को धान की सरकारी खरीद के लिए अब एक अक्टूबर तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा. केंद्र सरकार ने प्रदेश में खरीद प्रक्रिया 2 दिन पहले 29 सितंबर से शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं. इस फैसले से मंडियों में अपनी फसल लेकर पहुंच चुके किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है. साथ ही, मंडियों में पड़े लाखों क्विंटल धान का उठान भी जल्द शुरू हो सकेगा.
खरीफ विपणन सत्र 2026-27 के लिए पहले सरकारी खरीद का कार्यक्रम एक अक्टूबर से 15 नवंबर तक निर्धारित किया गया था. अब केंद्र की ओर से जारी पत्र में शुरुआत की तारीख बदलकर 29 सितंबर कर दी गई है.
एजेंसियां करेंगी धान की खरीद
हरियाणा में धान खरीदने की जिम्मेदारी खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड और हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन को सौंपी गई है. ये तीनों एजेंसियां निर्धारित दिनों के अनुसार मंडियों में खरीद प्रक्रिया संचालित करेंगी. खरीद की शुरुआत पहले होने से उन किसानों को फायदा मिलने की उम्मीद है, जिनकी फसल मंडियों में पहुंच चुकी है. हालांकि, खरीद की अंतिम तारीख में बदलाव की कोई जानकारी नहीं दी गई है.
भाकियू ने किया था प्रदर्शन
धान की सरकारी खरीद जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने 22 सितंबर को शाहाबाद में प्रदर्शन किया था. किसान संगठन निर्धारित तारीख से पहले खरीद शुरू करने की मांग कर रहा था. भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश बैंस के अनुसार, केंद्र सरकार ने हरियाणा के आग्रह को स्वीकार करते हुए दो दिन पहले खरीद शुरू करने की मंजूरी दी है. उन्होंने बताया कि इस फैसले से मंडियों में पहले से मौजूद लाखों क्विंटल धान के उठान की प्रक्रिया जल्द शुरू होने का रास्ता साफ होगा.
