हिसार | बिजली के बढ़ते खर्च से राहत पाने के लिए कई लोग अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाना चाहते हैं लेकिन कम आमदनी वाले परिवारों के लिए इसका खर्च उठाना आसान नहीं होता। अब हरियाणा सरकार ऐसे परिवारों को सस्ती दर पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है। इससे गरीब परिवारों को बिजली बिल कम करने में मदद मिल सकती है। शेष खर्च केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उठाएंगी।

हरियाणा सरकार ने अंत्योदय परिवारों को मात्र 5 हजार रुपये में सोलर पैनल लगवाने की सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। CM नायब सिंह सैनी और वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद फाइल केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय को भेजी गई है।
बिजली निगम लगवाएगा सोलर पैनल
नई व्यवस्था लागू होने पर पात्र परिवारों को पोर्टल पर जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके बाद बिजली निगम के अधिकारी आवेदन की निगरानी करेंगे। वहीं, सोलर पैनल लगाने के लिए वेंडर से संपर्क करने की जिम्मेदारी भी निगम की होगी। परिवारों को 5000 रुपये का नॉन-रिफंडेबल टोकन देना होगा। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार, योजना अगले 25 दिनों के भीतर लागू करने की तैयारी है। हालांकि, अंतिम प्रक्रिया पूरी होना बाकी है।
इन परिवारों को मिलेगा लाभ
प्रस्तावित सुविधा अंत्योदय श्रेणी के पात्र परिवारों के लिए है। इनमें सालाना 1.80 लाख रुपये से कम आय वाले परिवारों के साथ भूमिहीन, विधवा, बुजुर्ग, दिव्यांगजन, दैनिक मजदूर और पारंपरिक कारीगर जैसी श्रेणियों का उल्लेख है। अंतिम पात्रता सरकारी दिशा-निर्देशों से तय होगी। पीएम-सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत हिसार में अब तक 8150 उपभोक्ता लाभ उठा चुके हैं।
जिले में 13,500 से अधिक आवेदन आए हैं और 5500 से ज्यादा लंबित बताए गए हैं। केंद्र की इस योजना में एक किलोवाट पर 30 हजार, दो किलोवाट पर 60 हजार और तीन किलोवाट या उससे अधिक पर अधिकतम 78 हजार रुपये की सब्सिडी मिलती है।