झज्जर में चुंबक रहित मोटर बनाने की फैक्ट्री शुरू, 50 करोड़ निवेश की तैयारी; युवाओं को मिलेगी नौकरी

झज्जर | हरियाणा में लगातार नए उद्योग स्थापित होने से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। खासकर झज्जर जिले में आधुनिक तकनीक से जुड़ी कंपनियां अपनी मौजूदगी बढ़ा रही हैं। इसी बीच जिले में इलेक्ट्रिक मोटर बनाने वाली एक कंपनी ने अपना पहला विनिर्माण संयंत्र शुरू कर दिया है। यहां तैयार उत्पादों की पहली खेप विदेश भी भेजी जा चुकी है।

Jhajjar Met City

बेंगलुरु की एक्सील समर्थित डीप-टेक कंपनी विमैग लैब्स ने झज्जर की मॉडल इकोनॉमिक टाउनशिप (MET City) में अपना पहला मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू किया है। कंपनी ने यहां मोटर और कंट्रोल सिस्टम का शुरुआती उत्पादन पूरा करने के साथ उनका निर्यात भी कर दिया है।

करोड़ों निवेश करने की तैयारी

कंपनी की योजना भारत में अपना उत्पादन बढ़ाने के लिए चरणबद्ध तरीके से करीब 50 करोड़ रुपये निवेश करने की है। फिलहाल, झज्जर में स्थापित यह प्लांट 10 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में फैला है। भविष्य में जरूरत के अनुसार इसका विस्तार 20 हजार वर्ग फुट तक किया जा सकता है। कंपनी अपने इस संयंत्र में स्वदेशी तकनीक से विकसित चुंबक रहित मोटर और विभिन्न प्रकार के कंट्रोल सिस्टम तैयार कर रही है। इनका इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहनों और बिजली से चलने वाली दूसरी मशीनों में किया जा सकेगा। शुरुआती चरण में कंपनी मध्यम क्षमता वाली मोटर और उनके नियंत्रण सिस्टम के उत्पादन पर ध्यान दे रही है।

आधुनिक मशीनों से होगा उत्पादन

वहीं, इस फैक्ट्री में ऑटोमैटिक प्रोडक्शन लाइन, क्लीन रूम और डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा, इंडस्ट्री 4.0 तकनीक, इंटरनेट से जुड़ी निगरानी प्रणाली और उत्पादों की गुणवत्ता जांचने के लिए आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। कंपनी फिलहाल उत्पादन प्रक्रियाओं की जांच और तकनीक को बेहतर बनाने पर काम कर रही है। आने वाले समय में संयंत्र का विस्तार भी किया जा सकता है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.