हिसार की कंशिका ने CA Foundation में किया देश टॉप, 90 फीसदी से अधिक अंक लाकर रचा इतिहास

हिसार | मेहनत और लगन से हासिल की गई सफलता पूरे परिवार के लिए गर्व का पल बन जाती है। हिसार की कंशिका ने भी अपनी मेहनत के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिससे हरियाणा का नाम देशभर में रोशन हुआ है। बता दें कि शुक्रवार को जारी हुए चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) फाउंडेशन परीक्षा के परिणाम में हिसार की कंशिका ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1 हासिल की है।

Kashika CA Topper

उन्होंने 400 में से 361 अंक प्राप्त किए और 90.25 प्रतिशत स्कोर के साथ देशभर में पहला स्थान हासिल किया। इस परीक्षा में हैदराबाद की महक गुप्ता ने भी इतने ही अंक लेकर पहली रैंक हासिल की है।

12वीं में भी शानदार प्रदर्शन

कंशिका ने हिसार के लाहोरिया विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी। उस दौरान उन्होंने कॉमर्स विषय में 98 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर जिले में टॉप किया था। उनकी मां गृहिणी हैं, जबकि पिता बिजनेस करते हैं। कंशिका ने बताया कि 12वीं के बाद से ही वह CA की तैयारी के लिए कोचिंग ले रही थीं। परीक्षा की तैयारी के दौरान वह रोजाना 8 से 9 घंटे पढ़ाई करती थीं।

टॉपर्स की सूची

रैंक उम्मीदवार शहर अंक
AIR 1 कंशिका हिसार 361
AIR 1 महक गुप्ता हैदराबाद 361
AIR 2 स्पर्श खंडेलवाल अजमेर 359
AIR 2 जे. जयंथ चेन्नई 359
AIR 3 वैभवी सिंघल ग्वालियर 358

CA संस्थान ने दी बधाई

हिसार की एनआईआरसी ब्रांच के चेयरमैन सीए अजय गोयल ने कंशिका की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने देश में पहला स्थान हासिल कर परिवार और हिसार का नाम रोशन किया है। ब्रांच के वाइस चेयरमैन सीए विशेष भारद्वाज, सचिव सीए राजेश सिहाग और अन्य पदाधिकारियों ने भी कंशिका व उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं। बता दें कि CA फाउंडेशन चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की शुरुआती परीक्षा है। इसमें 10वीं के बाद प्रोविजनल रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है, लेकिन परीक्षा में शामिल होने के लिए 12वीं पास होना जरूरी है। किसी भी स्ट्रीम के विद्यार्थी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.