दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से गुरुग्राम रोजाना आने-जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम से जल्द राहत मिल सकती है। खासकर महरौली, वसंत कुंज, छतरपुर और साकेत के आसपास रहने वाले लोगों के लिए सफर आसान बनाने की तैयारी है। पीक आवर्स में लगने वाले लंबे जाम को कम करने के लिए सड़क का नया ढांचा तैयार किया जाएगा। बता दें कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने महरौली-गुरुग्राम (MG Road) को सिग्नल-फ्री बनाने का मास्टर प्लान तैयार किया है।

करीब 836.55 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत 8.5 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर से 6 रेड लाइट हटाई जाएंगी। परियोजना का लक्ष्य स्थानीय और सीधे गुजरने वाले वाहनों के ट्रैफिक को अलग-अलग करना है।
बनेगा 3 स्तर का ढांचा
- ग्राउंड लेवल: इस रास्ते से स्थानीय वाहन गुजरेंगे।
- पहला फ्लाईओवर: वसंत कुंज की ओर जाने वाले वाहन बिना सिग्नल के निकल सकेंगे।
- ऊपरी फ्लाईओवर: गुरुग्राम से कुतुब मीनार की ओर जाने वाले वाहनों को सीधा रास्ता मिलेगा।
बनेंगी एलिवेटेड सड़कें
छतरपुर, सुल्तानपुर, घिटोरनी और अर्जनगढ़ मेट्रो स्टेशन के समानांतर दोनों तरफ 3.5 किलोमीटर लंबे दो-दो लेन के एलिवेटेड रोड बनाए जाएंगे। एक मार्ग वसंत कुंज और कुतुब मीनार की ओर जाने वाले वाहनों के लिए होगा, जबकि दूसरा हौज खास, सैनिक फार्म और साकेत की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को गुरुग्राम बॉर्डर तक पहुंचाएगा। स्थानीय वाहनों के लिए निचले मार्ग पर यू-टर्न भी बनाए जाएंगे। पूरे प्रोजेक्ट को 30 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
जाम से राहत
वहीं, बारापुला फेज-3 पर सन डायल लूप के पास इसी सप्ताह ट्रैफिक सिग्नल लगाया जाएगा। यहां लूप से आने वाले वाहन मुख्य सड़क के ट्रैफिक से मिलते हैं, जिससे जाम लगता है। सिग्नल का ढांचा तैयार है और अगले 3-4 दिनों में रेड लाइट चालू करने की तैयारी है।