शाही महल से रहस्यमयी गांव तक, राजस्थान की ये 10 जगहें हैं पर्यटकों की पहली पसंद

नई दिल्ली | घूमने-फिरने का शौक है तो राजस्थान की खूबसूरती आपका दिल जीत सकती है। यहां कहीं ऊंची पहाड़ियों पर पुराने किले हैं तो कहीं झीलों के बीच बने शाही महल और रंगीन बाजार। खास बात यह है कि राजस्थान की हर जगह अपने साथ इतिहास और संस्कृति की अलग कहानी समेटे हुए है। बता दें कि नवंबर का महीना राजस्थान घूमने के लिए अच्छा माना जाता है।

Rajasthan Tourism

इस दौरान मौसम सुहावना रहता है और तेज गर्मी से राहत मिलती है। ऐसे में आप परिवार और दोस्तों के साथ यहां की ऐतिहासिक और खूबसूरत जगहों का आनंद ले सकते हैं। तो चलिए आज के आर्टिकल में हम आपको इस राज्य में बारे में और विस्तार से बताते हैं…

जयपुर सिटी पैलेस

महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय ने 1729 से 1732 के बीच इसका निर्माण करवाया था। यहां राजस्थानी और मुगल वास्तुकला का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है। चंद्र महल और मुबारक महल इसके प्रमुख आकर्षण हैं।

अजमेर शरीफ दरगाह

ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की यह दरगाह देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां हर साल बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं।

आमेर किला

जयपुर से करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित इस किले का निर्माण राजा मानसिंह ने 1592 में करवाया था। शीश महल और खूबसूरत आंगन यहां के खास आकर्षण हैं।

लेक पैलेस, उदयपुर

पिछोला झील के बीच बना सफेद संगमरमर का यह महल बेहद खूबसूरत दिखाई देता है। महाराणा जगत सिंह द्वितीय ने 18वीं शताब्दी में इसका निर्माण करवाया था। अब यह लग्जरी होटल है।

नाहरगढ़ किला

1734 में बना यह किला जयपुर की पहाड़ियों पर स्थित है। यहां से पूरे शहर का शानदार नजारा दिखाई देता है। माधवेंद्र पैलेस भी पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है।

कुलधरा गांव

जैसलमेर का यह गांव अपनी रहस्यमयी कहानियों के लिए मशहूर है। कहा जाता है कि करीब 300 साल पहले पालीवाल ब्राह्मणों ने इसे अचानक खाली कर दिया था। आज यहां पुराने मकानों और मंदिरों के खंडहर देखे जा सकते हैं।

जयगढ़ किला

1726 में बने इस किले का इस्तेमाल आमेर किले की सुरक्षा के लिए किया जाता था। यहां रखी जयवाण तोप और अरावली पहाड़ियों का नजारा पर्यटकों को आकर्षित करता है।

नीमराना किला

दिल्ली और जयपुर के बीच स्थित यह 15वीं शताब्दी का किला अब हेरिटेज होटल बन चुका है। यहां शाही ठहराव के साथ जिपलाइनिंग जैसी गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं।

जैसलमेर किला

1156 में राजा रावल जैसल ने इस किले का निर्माण करवाया था। पीले बलुआ पत्थरों से बना यह किला सोनार किला भी कहलाता है। इसके अंदर मंदिर, हवेलियां और पुराने बाजार हैं।

हवा महल

जयपुर की पहचान हवा महल का निर्माण 1799 में महाराजा सवाई प्रताप सिंह ने करवाया था। इसकी 953 छोटी खिड़कियां इसे खास बनाती हैं। इन्हीं झरोखों से शाही परिवार की महिलाएं बाहर के बाजार और उत्सव देखती थीं।

खुद से कर लें पता

नवंबर में मौसम सुहावना होने के कारण किले, महल, झील और ऐतिहासिक जगहों को घूमना आसान रहता है। आप जयपुर, उदयपुर, अजमेर और जैसलमेर को अपनी यात्रा में शामिल कर सकते हैं। हालांकि, निकलने से पहले होटल की बुकिंग, टिकट और पर्यटन स्थलों के खुलने का समय जरूर जांच लें।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.