हिसार | जिंदगी में मुश्किलें आने पर कुछ लोग हिम्मत हार जाते हैं, तो कुछ उन्हीं चुनौतियों को अपनी ताकत बना लेते हैं। हिसार की पैरा एथलीट एकता भ्याण ने भी ऐसा ही कर दिखाया। सड़क हादसे के बाद व्हीलचेयर पर जीवन बिताने के बावजूद उन्होंने खेलों में अपनी पहचान बनाई और देश के लिए कई अंतरराष्ट्रीय पदक जीते। बता दें कि एकता भ्याण को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। वह हरियाणा की पहली पैरा खिलाड़ी हैं, जिन्हें यह प्रतिष्ठित खेल सम्मान मिला है।

वह हिसार के रोजगार विभाग में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। एकता ने बताया कि वह करीब 10 साल से इस सम्मान का इंतजार कर रही थीं। अब उनकी मेहनत और समर्पण को पहचान मिली है।
हादसे ने बदल दी जिंदगी
एकता 2003 में दिल्ली जाते समय सड़क हादसे का शिकार हो गई थीं। इसके बाद उनके दोनों पैरों की क्षमता प्रभावित हुई और उन्हें व्हीलचेयर का सहारा लेना पड़ा। परिवार के सहयोग से उन्होंने मुश्किल दौर का सामना किया। वर्ष 2013 में रोजगार विभाग में नौकरी मिली और 2016 में खेलों की दुनिया में कदम रखा। एकता ने 2016 में बर्लिन आईपीसी ग्रैंड प्रिक्स में क्लब थ्रो का रजत पदक जीता। 2018 में ट्यूनिशिया में क्लब थ्रो का स्वर्ण और डिस्कस थ्रो का रजत पदक हासिल किया। इसी साल जकार्ता एशियाई पैरा गेम्स में भी क्लब थ्रो का गोल्ड जीता।
टोक्यो पैरालंपिक के लिए क्वालिफाई
2019 में दुबई विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर टोक्यो पैरालंपिक के लिए क्वालिफाई किया। इसके बाद 2023 में हांगझोऊ एशियाई पैरा गेम्स और पेरिस विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीते। 2024 में कोबे विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण और 2025 में नई दिल्ली विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया। दिव्यांग बच्चों को स्कूलों में ही खेलों की सुविधाएं और सही मार्गदर्शन मिलना चाहिए। इससे नई प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर पर पहचानकर आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने खेलो इंडिया और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम जैसी योजनाओं को पैरा खिलाड़ियों के लिए उपयोगी बताया।