चंडीगढ़ | सरकारी दस्तावेजों में नाम, जन्मतिथि या पते की गलती ठीक करवाने के लिए लोगों को अक्सर आवेदन की स्थिति जानने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। हरियाणा में अब परिवार पहचान पत्र से जुड़े ऐसे कामों की जानकारी घर बैठे मोबाइल पर मिल सकेगी। बता दें कि हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण ने SMS अलर्ट की सुविधा में 5 नई प्रक्रियाएं जोड़ दी हैं।

अब इन कामों के लिए आवेदन मिलने, मंजूर होने या खारिज होने पर संबंधित व्यक्ति के मोबाइल पर संदेश भेजा जाएगा। इसके साथ ही, PPP से जुड़ी कुल 12 प्रक्रियाओं की जानकारी SMS के जरिए मिलने लगेगी।
मिलेगा SMS अलर्ट
- PPP में दर्ज जन्मतिथि ठीक करवाने के आवेदन और उसके मंजूर या खारिज होने की सूचना मिलेगी।
- प्रदेश के एक जिले या स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट होने पर माइग्रेशन अनुरोध की जानकारी मिलेगी।
- हरियाणा से किसी अन्य राज्य में शिफ्ट होने से जुड़े अनुरोध पर SMS आएगा।
- गलती से मृत दर्ज हुए सदस्य का स्टेटस ठीक करवाने की प्रक्रिया की जानकारी मिलेगी।
- परिवार पहचान पत्र में किसी सदस्य का नाम ठीक करवाने या बदलने पर आवेदन की स्थिति मोबाइल पर मिलेगी।
मोबाइल नंबर रखें अपडेट
डॉ. सतीश खोला ने नागरिकों से परिवार पहचान पत्र में अपना मोबाइल नंबर सही और अपडेट रखने की अपील की है। गलत या बंद नंबर होने पर जरूरी संदेश मिलने में परेशानी हो सकती है। प्राधिकरण के अनुसार, पहले से एनरोलमेंट आईडी बनने, फैमिली आईडी तैयार होने और परिवार में नया सदस्य जुड़ने जैसी प्रक्रियाओं की जानकारी SMS से दी जा रही है। अब पांच नई सुविधाएं जुड़ने के बाद कुल 12 प्रक्रियाओं पर मोबाइल अलर्ट मिलेगा।