अश्वमेध यज्ञ की तर्ज पर फरीदाबाद के बाबा राजेंद्र देव की तैयारी, 51 लाख रुपये का रखा इनाम

फरीदाबाद | धार्मिक परंपराओं और प्राचीन रीति-रिवाजों के नाम पर होने वाले आयोजन अक्सर चर्चा में आ जाते हैं। फरीदाबाद में जिंदा पिता की श्रद्धांजलि सभा कराने के बाद सुर्खियों में आए बाबा राजेंद्र देव अब एक और बड़े अभियान की तैयारी कर रहे हैं। इस बार उनकी योजना अश्वमेध यज्ञ की तर्ज पर देशभर में घोड़ा घुमाने की है। बता दें कि बाबा राजेंद्र देव के मुताबिक, घोड़ा 215 दिनों तक अलग-अलग राज्यों की यात्रा करेगा।

Baba Rajendra Dev

इस दौरान वह लोगों को धार्मिक विषयों पर शास्त्रार्थ की चुनौती देगा। जो भी व्यक्ति उन्हें शास्त्रार्थ में हरा देगा, उसे घोड़े के साथ 51 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। यात्रा 28 नवंबर को अलीगढ़ के खैर स्थित इच्छापूर्ति धाम आश्रम से शुरू होकर 30 जून को दिल्ली में समाप्त होगी।

भक्त ने दान किया घोड़ा

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घोड़ा उन्हें एक भक्त ने दान में दिया है। वहीं, 51 लाख रुपये की इनामी राशि भी भक्तों के सहयोग से जुटाई गई है। बाबा का कहना है कि धार्मिक विषयों पर तथ्यों के आधार पर बहस की जाएगी। प्राचीन काल में राजा अपनी शक्ति और दूसरे राज्यों पर अधिकार जताने के लिए अश्वमेध यज्ञ कराते थे। इसमें घोड़े के साथ सैनिकों का दल भेजा जाता था। कोई राजा घोड़े को रोककर चुनौती देता तो युद्ध की स्थिति बन सकती थी। घोड़े को नहीं रोकना यज्ञ कराने वाले राजा की ताकत स्वीकार करने का संकेत माना जाता था।

नौकरी छोड़कर बने साधु

राजेंद्र देव फरीदाबाद के पन्हेड़ा कलां गांव के निवासी हैं। उन्होंने होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई के बाद 1995 से 2000 तक दिल्ली के एक बड़े होटल में नौकरी की। इसके बाद इवेंट और केटरिंग का कारोबार शुरू किया, जिसे 2010 में छोड़कर साधु बन गए। करीब 3 साल बाद उन्होंने अलीगढ़ के खैर में इच्छापूर्ति धाम आश्रम बनाया। 3 अगस्त 2025 को उन्होंने अपने 79 वर्षीय पिता लालचंद की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की थी।

पिता को इसकी जानकारी मिली तो वह घर लौटे और पंचायत में बेटे के बहिष्कार का फैसला हुआ। लालचंद ने बेटे पर जमीन अपने नाम कराने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। गांव के लोगों ने यह आरोप भी लगाया था कि पिता की मौत बताकर मुआवजा लेने की कोशिश की गई थी।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.