अब इन कक्षाओं की नहीं होगी बोर्ड परीक्षा, हरियाणा सरकार ने बदला अपना फैसला

भिवानी । हरियाणा राज्य सरकार ने 18 जनवरी 2022 को जारी किए गए एक आदेश को वापस लें लिया है. मीडिया से बातचीत करते हुए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ जगबीर सिंह ने बताया कि पांचवीं और आठवीं कक्षा की अब बोर्ड द्वारा परीक्षा नहीं ली जाएगी बल्कि पहले की तरह वार्षिक परीक्षा होगी. गौरतलब है कि इससे पहले हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध प्रदेश के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाई कर रहे पांचवीं और आठवीं कक्षा के बच्चों का मूल्यांकन बोर्ड परीक्षा द्वारा किए जाने की अधिसूचना जारी की गई थी.

School Student

राजस्थान और पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में भी पांचवीं और आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा लेना सुनिश्चित किया गया था लेकिन इसको लेकर लोगों की दोहरी राय सामने आई. कोई बोर्ड के इस फैसले की सराहना कर रहा था तो किसी ने इस फैसले पर अपनी सहमति नहीं जताई. जनमत की तरफ से मिली प्रतिक्रियाओं को देखते हुए बोर्ड द्वारा शायद इस फैसले को बदला गया है.

शिक्षा प्रणाली में सुधार होने की कही थी बात

सूबे के शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने 29 जनवरी 2022 को मीडिया के साथ जानकारी साझा करते हुए कहा था कि हरियाणा सरकार द्वारा पांचवीं और आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा आयोजन करने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा था कि शिक्षा के क्षेत्र में यह एक महत्वपूर्ण निर्णय हैं और इस निर्णय से शिक्षा प्रणाली में सुधार देखने को मिलेगा.

फेल छात्रों के लिए फिर से परीक्षा का बनाया गया था नियम

विभाग द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक पांचवीं या फिर आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में जो भी छात्र फेल होंगे, उनके लिए दो माह के भीतर फिर से परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. इसके साथ ही यह नियम भी बनाया गया था कि यदि छात्र फिर से आयोजित की गई परीक्षा में भी पास नहीं हो पाता है तो उसे उसी कक्षा में दोबारा पढ़ाई करनी होगी. मगर अब इस फैसले को ही वापस ले लिया गया है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.