हरियाणा: सड़कों की मरम्मत के लिए हर हल्के को मिलेंगे 25 करोड़ रुपए, एस्टीमेट बनाकर भेजें विधायक

चंडीगढ़ | आज से हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत हुई और विपक्षी दल के विधायकों ने कई मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार को घेरने की कोशिश की. सत्र के दौरान झज्जर से कांग्रेस पार्टी की विधायक गीता भुक्कल ने झज्जर शहर की विभिन्न सड़कों के निर्माण को लेकर सरकार से जवाब मांगा.

dushant chautala

गीता भुक्कल के सवाल का जवाब देते हुए डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सभी विधायकों से आग्रह किया गया है कि वे अपने- अपने हल्के की सड़कों की मरम्मत का एस्टीमेट बनाकर भेजें. सभी हल्के की सड़कों के सुधारीकरण के लिए 25 करोड़ रुपए की राशि दी जाएगी और प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयासरत हैं और इस दिशा में तेजी से काम चल रहे हैं.

दुष्यंत चौटाला ने विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया कि झज्जर की विभाजित सड़क से अग्रसेन चौक तक 1.7 किलोमीटर से 3 किलोमीटर के टुकड़े को छोड़कर बाकी सड़क की स्थिति संतोषजनक है. सीवरेज लाइन में लीकेज होने की वजह से यह टुकड़ा क्षतिग्रस्त हो गया था. इस टुकड़े की मरम्मत के लिए 6 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया गया है और डब्ल्यूबीएम पैच वर्क प्रदान कर सड़क की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है. सीवरेज लाइन की लीकेज मरम्मत के बाद बिटुमिनस का कार्य किया जाएगा.

यह भी पढ़े -  हरियाणा रोडवेज बसों में मुफ्त सफर के लिए मिलने लगे हैप्पी कार्ड, बस करना होगा यह छोटा सा काम

दुष्यंत चौटाला ने झज्जर शहर से गुजरने वाले पुराने स्टेट हाईवे-71 तक की सड़क निर्माण के बारे में जानकारी दी कि रेवाड़ी चौक पर बरसात से जलभराव और भारी यातायात की वजह से यह हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था. गड्ढों को भरकर, पैच वर्क कर इस चौक पर सड़क मरम्मत कार्य शुरू हो चुका है. वहीं विधायक भुक्कल द्वारा झज्जर के उक्त कार्यों बारे गलत रिपोर्ट भेजने के आरोप पर डिप्टी सीएम ने जवाब दिया कि अगर इस मामले में अधिकारी दोषी पाया जाता है तो अगले 24 घंटों में उसे सस्पेंड कर दिया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.