हिसार | हरियाणा के हिसार ज़िले में स्थित महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ी कुछ जानकारियां सामने आई है. हिसार एयरपोर्ट पर बाउंड्री वॉल के अलावा रनवे पर फाइनल लेयर का काम बाकी है और करीब 17 करोड़ रुपए की लागत से चल रहे इस काम को मार्च 2023 तक पूरा होने की उम्मीद है. बाउंड्री लाइन का काम पूरा होते ही फाइनल लेयर बिछाई जाएगी ताकि रनवे की सुरक्षा बनी रहें.
बता दें कि सिविल एविएशन हरियाणा के एग्रीमेंट के मुताबिक, अक्टूबर तक रनवे का काम पूरा किया जाना था लेकिन दूसरे चरण में कुछ नए कार्यों को शामिल किया गया है जिसके चलते इसकी लागत भी बढ़ गई है और समय भी ज्यादा लगेगा. अगस्त 2021 में शामिल किए गए इन कार्यों में आइसोलेटेड बे, रेसा, ब्लास्ट पैड, जीएसई एरिया, कार्गों एप्रन शामिल है. अब यह लागत राशि बढ़कर 245 करोड़ रुपए हो गई है और इस काम के पूरा करने की नई डेडलाइंस 31 मार्च 2023 कर दी गई है.
बता दें कि अक्तूबर 2020 में एयरपोर्ट के दूसरे चरण के कार्यों का शुभारंभ किया गया था और इसके लिए 179.86 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी मिली थी. इस साल के आखिर तक जीएसई एरिया, एप्रन, रेसा, ब्लास्ट पैड का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा. आईसोलेशन बे, आईसोलेशन बे एंड लिंक टैक्सी, कार्गों एप्रन एंड कार्गों एप्रन लिंक टैक्सी, लिंक टैक्सी सहित रनवे का निर्माण कार्य 31 मार्च तक पूरे करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
22 करोड़ रुपये से बनेगा पैरामीटर रोड़
करीब 22 करोड़ रुपए की लागत से एयरपोर्ट की बाउंड्रीवाल के अंदर चारों तरफ बनने वाले पैरामीटर रोड़ के एग्रीमेंट को मंजूरी दी गई है. इस रोड़ की चौड़ाई 4 मीटर होगी और इसका इस्तेमाल एयरपोर्ट की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा के लिए किया जाता है. सुरक्षाकर्मियों का वाहन इस रोड़ पर गश्त करता हैं और सुरक्षा के लिहाज ने इस रोड़ पर 29 वाच टावर भी बनाए जाएंगे.
