अंबाला | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए शनिवार यानि आज 8 नवंबर का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया है. प्रदेश के लोगों को आज एक नई वंदे भारत ट्रेन (Vande Bharat Train) की सौगात मिलेगी, जो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से पंजाब के फिरोजपुर कैंट के बीच आवागमन करेगी.
आधुनिक सुविधाओं से लैस
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में अंबाला कैंट, कुरूक्षेत्र और पानीपत स्टेशनों पर ठहराव करेगी. इससे पहले हरियाणा से होकर गुजरने वाली वंदे भारत ट्रेन सिर्फ अंबाला कैंट स्टेशन पर ठहराव तक ही सीमित थी, लेकिन अब अन्य स्टेशनों पर ठहराव से यात्रियों को फायदा पहुंचेगा. पानीपत एक प्रमुख औद्योगिक नगरी है. ऐसे में यहां वंदे भारत ट्रेन के ठहराव से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर ने बताया कि 26462/ 61, वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का फिरोजपुर कैंट स्टेशन पर उद्घाटन किया जाएगा. साथ ही, अंबाला कैंट स्टेशन पर इस ट्रेन का स्वागत किया जाएगा. उद्घाटन के बाद यह ट्रेन अपने नियमित संचालन पर आ जाएगी और उसी दिन दिल्ली जंक्शन पर पहुंचेंगी. इस ट्रेन में यात्रियों को ऑटोमैटिक दरवाजे, GPS आधारित सूचना प्रणाली, ऑनबोर्ड Wi- Fi, बॉयो वैक्यूम टॉयलेट, एसी और लंबी- चौड़ी आरामदायक सीटें जैसी सुविधाएं मिलेंगी.
वंदे भारत ट्रेन का शेड्यूल
फिरोजपुर कैंट से सुबह 08.05 बजे रवाना होकर 08.43 बजे फरीदकोट, साढ़े 9 बजे बठिंडा पहुंचेगी. यहां 5 मिनट के ठहराव के बाद आगे बढ़ते हुए 10.43 बजे धूरी, 11.25 बजे पटियाला, 12.18 बजे अंबाला कैंट, 12.48 बजे कुरूक्षेत्र और 13.25 बजे पानीपत पहुंचते हुए 15.05 बजे दिल्ली पहुंचेगी. यह ट्रेन बीच रास्ते भटिंडा स्टेशन पर 5 मिनट का ठहराव करेगी, जबकि अन्य स्टेशनों पर 2- 2 मिनट का ठहराव दिया गया है.
फिरोजपुर- दिल्ली वंदे भारत ट्रेन इस रूट पर सबसे तेज गति की ट्रेन होगी. यह दिल्ली से फिरोजपुर के बीच की दूरी मात्र 6 घंटे 40 मिनट में पूरा करेगी. इससे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और पंजाब के महत्वपूर्ण शहरों के बीच कनेक्टिविटी और ज्यादा मजबूत होगी.
