अंबाला | रेलयात्रा करने वालों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि फिरोजपुर कैंट से दिल्ली के बीच सफर करने वाली नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Vande Bharat Train) अब नए नंबर और समय से संचालित होगी. उद्घाटन के दिन यानी 8 नवंबर को इस ट्रेन का नंबर 26462/ 61 निर्धारित किया गया है, जबकि बाद में 02462/ 61 नंबर से संचालित होगी.
रेलवे ने वंदे भारत ट्रेन के नए नंबर का निर्धारण कर दिया है और जल्द ही इसे रेलवे के क्रिस साफ्टवेयर पर भी अपडेट कर दिया जाएगा. ट्रेन के किराए के लिए भी मंथन शुरू हो गया है और जल्द ही किराए की जानकारी भी सिस्टम पर अपडेट कर दी जाएगी.
अंबाला कैंट स्टेशन पर होगा स्वागत
8 नवंबर को फिरोजपुर कैंट- दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का अंबाला कैंट स्टेशन पर ठहराव किया जाएगा. इसके लिए 1 नंबर प्लेटफार्म पर कार्यक्रम आयोजित होगा. वहीं, इस ट्रेन के अंबाला कैंट स्टेशन पर ठहराव का खाका भी तैयार कर लिया गया है. फिरोजपुर कैंट से आने वाली वंदे भारत ट्रेन प्लेटफार्म नंबर-1 पर और दिल्ली से आने वाली वंदे भारत ट्रेन प्लेटफार्म नंबर-7 पर ठहराव करेगी.
समय में हुआ बदलाव
कुछ ट्रेनों के प्रभावित होने के चलते 8 नवंबर से शुरू होने वाली फिरोजपुर कैंट- दिल्ली वंदे भारत ट्रेन के संचालन समय में बदलाव किया गया है. अब यह वंदे भारत ट्रेन (02462) फिरोजपुर कैंट से सुबह 08.05 बजे रवाना होकर दोपहर 12.18 बजे अंबाला कैंट और दोपहर 03.05 बजे दिल्ली पहुंचेगी.
फिरोजपुर कैंट- दिल्ली नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन अंबाला कैंट स्टेशन पर ठहराव करेगी. 8 नवंबर यानि कल इस ट्रेन का अंबाला कैंट स्टेशन पर स्वागत किया जाएगा. इस ट्रेन के संचालन समय में छोटा सा बदलाव किया गया है ताकि अन्य ट्रेनों का संचालन प्रभावित न हो- एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल
