CM सैनी भिवानी को देंगे 78 करोड़ की सौगात, 7 परियोजनाओं का होगा उद्घाटन और शिलान्यास

भिवानी | मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज 6 सितंबर को भिवानी के बवानीखेड़ा की अनाज मंडी में आयोजित विकास संकल्प जनसभा में शामिल होंगे. इस दौरान वे करीब 78 करोड़ रुपए की लागत वाली 7 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इनमें 3 परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी, जबकि 4 परियोजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी. जनसभा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. डीसी साहिल गुप्ता की निगरानी में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है.

CM Nayab Singh Saini

सभा स्थल पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं. सुरक्षा को देखते हुए बैरिकेडिंग की गई है. डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो.

बनेगा आयुर्वेदिक अस्पताल

मुख्यमंत्री गांव प्रेमनगर में पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम से बनने वाले 25 बिस्तरों के आयुर्वेदिक अस्पताल का शिलान्यास करेंगे. अस्पताल के निर्माण पर 9 करोड़ 59 लाख 93 हजार रुपए खर्च होंगे. इसके अलावा नाथूवास से गुजरानी होते हुए बामला तक 3.20 किलोमीटर लंबी नई लिंक रोड की आधारशिला भी रखी जाएगी. इस सड़क के निर्माण पर करीब 1 करोड़ 58 लाख 59 हजार रुपए खर्च होने हैं. गांव गुजरानी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का उद्घाटन किया जाएगा. भवन के निर्माण पर 3 करोड़ 51 लाख 25 हजार रुपए खर्च हुए हैं. वहीं कलिंगा में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का भी उद्घाटन होगा. इस भवन पर 2 करोड़ 62 लाख 77 हजार रुपए की लागत आई है.

यह भी पढ़े -  भिवानी में हाईवे की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, बोले- "खेतों के कच्चे रास्ते इससे बेहतर"

खेड़ा में स्टाफ बिल्डिंग का उद्घाटन

सिवानी उपमंडल के गांव खेड़ा में तहसील कार्यालय परिसर, कैनाल रेस्ट हाउस और स्टाफ रेजिडेंशियल बिल्डिंग की परियोजना का उद्घाटन होगा. इन निर्माण कार्यों पर 16 करोड़ 98 लाख 17 हजार रुपए खर्च किए गए हैं. बवानीखेड़ा कस्बे की जलापूर्ति योजना से जुड़ी परियोजना भी जनता को समर्पित की जाएगी. इसके तहत लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 29 करोड़ 89 लाख रुपए खर्च किए गए हैं.

मुख्यमंत्री गांव बलियाली में करीब 4 करोड़ 72 लाख 56 हजार रुपए की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला भी रखेंगे. इन परियोजनाओं के जरिए क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल और प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूत करने का दावा किया जा रहा है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.