भिवानी | हरियाणा सरकार ने वित्त वर्ष 2026- 27 का वार्षिक बजट पेश किया है. बतौर वित्त मंत्री सीएम नायब सैनी ने 2,23,658.17 करोड़ रुपए का बजट पेश किया है जो पिछले साल के बजट की तुलना में 10.28% ज्यादा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 1 लाख युवाओं को AI की ट्रेनिंग दी जाएगी. इसके बाद, इन्हें नौकरी दी जाएगी.
CM ने कहा कि हरियाणा ने इस बार कुल 98% बजट खर्च किया है. यह इतिहास में पहली बार हुआ है. राजकोषीय घाटे में 2014 से 2024 तक 2.75% की बढ़ोतरी हुई है जबकि पिछली सरकार के कार्यकाल में यह 44% तक बढ़ गया था. सरकारी उपक्रमों के घाटे में तीन गुना की कमी आई है. उन्होंने बताया कि हरियाणा के नए जिले हांसी को मॉडर्न जिले के रूप में विकसित किया जाएगा.
भिवानी जिले को होली का तोहफा
अपने बजट भाषण में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भिवानी पर सौगातों की बारिश करते हुए जिले के लोगों को होली पर्व का शानदार तोहफा दिया है. उन्होंने बताया कि तोशाम क्षेत्र में IMT स्थापित की जाएगी जिससे सैकड़ों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर पैदा होंगे. जिले का औद्योगिक विकास नई रफ्तार पकड़ेगा और भिवानी जिले को हरियाणा और देश के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी.
उन्होंने बताया कि इसके अलावा भिवानी जिले के लोहारू क्षेत्र में महिला पुलिस थाना व विश्राम गृह निर्माण का मसौदा और लवणीय भूमि के पुनर्जीवन का प्रावधान किया गया है. साल 2026- 27 में भिवानी, रोहतक, गुरुग्राम व अन्य जिलों में अतिरिक्त 1.40 लाख एकड़ भूमि को खेती योग्य बनाने का प्रस्ताव रखा गया है.
खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर
- 2026- 27 में भिवानी जिले में नए आरसीसी टैंक निर्माण की घोषणा बजट में की गई है.
- जिले में दोहरी शिफ्ट में संचालित सरकारी स्कूलों को एकल शिफ्ट में लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, जिसका सीधा फायदा छात्रों को पहुंचेगा.
- चिकित्सा क्षेत्र में कैथ लैब की स्थापना से जिले की आबादी को राहत पहुंचेगी.
- हर जिलास्तरीय खेल स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक बनाने की घोषणा से खिलाड़ियों को फायदा पहुंचेगा. उन्हें अपने खेल को निखारने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी.
