भिवानी | हरियाणा के भिवानी के लोगों को जल्द ही जर्जर सड़कों से राहत मिलने वाली है. करीब डेढ़ दशक के इंतजार के बाद भिवानी- महेंद्रगढ़- नारनौल मार्ग पर चौधरी देवीलाल चौक से गांव हालुवास तक सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा. इस परियोजना पर करीब 7 करोड़ रुपये खर्च होंगे. वहीं, जूई नहर से तिगड़ाना मोड़ तक की सड़क का भी 5 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण किया जाएगा. दोनों परियोजनाओं के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) विभाग ने निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है.

अधिकारियों के अनुसार मानसून समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है. दोनों सड़कों के सुधरने से वाहन चालकों को गड्ढों और खराब रास्तों से राहत मिलेगी, जबकि आसपास के गांवों से शहर आने- जाने वाले लोगों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी.
हालुवास तक बनेगी मजबूत सड़क
भिवानी- महेंद्रगढ़- नारनौल मार्ग पहले से फोरलेन है, लेकिन चौधरी देवीलाल चौक से गांव हालुवास तक करीब साढ़े तीन किलोमीटर का हिस्सा लंबे समय से क्षतिग्रस्त है. इस मार्ग पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं और लोगों को गहरे गड्ढों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है. अब इस हिस्से को 10 मीटर चौड़ी आरसीसी (कंक्रीट) सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा. यह क्षेत्र आवासीय होने के कारण आरसीसी सड़क अधिक टिकाऊ होगी और बार- बार टूटने की समस्या भी कम होगी.
होगा नवीनीकरण
भिवानी- हांसी मार्ग पर तिगड़ाना मोड़ से जूई नहर तक का हिस्सा भी लंबे समय से खराब स्थिति में है. यह मार्ग भिवानी- हांसी फोरलेन और भिवानी- जींद राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ता है तथा बाईपास से भी जुड़ा हुआ है. बारिश के दौरान यहां जलभराव होने से सड़क और अधिक क्षतिग्रस्त हो जाती है. करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क पर नई तारकोल की परत बिछाई जाएगी.
भरे जाएंगे गड्ढे
वर्तमान में डंपिंग यार्ड के पास और एसपी आवास के सामने सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है. कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे भारी वाहनों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है. बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है.
दोनों परियोजनाओं के लिए करीब 12 करोड़ रुपये की निविदाएं जारी कर दी गई हैं. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद मानसून खत्म होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. तब तक विभाग क्षतिग्रस्त हिस्सों पर पेचवर्क कर गड्ढों को भरने का काम करेगा, ताकि लोगों को अस्थायी राहत मिल सके- अमित तंवर, कनिष्ठ अभियंता, एनएच भिवानी