भिवानी | हरियाणा के भिवानी (Bhiwani) शहर के लिए दो बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां उत्तम नगर में 5 करोड़ रुपए की लागत से महाराजा नीमपाल सिंह सामुदायिक केंद्र व पार्क बनाया जाएगा. भिवानी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक घनश्याम सर्राफ ने नारियल फोड़कर इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया.
शहरवासियों को मिलेगा फायदा
इस पार्क के बनने से डाबर कालोनी और ऑटो मार्केट के आसपास रहने वाले लोगों को फायदा पहुंचेगा. लोगों को सुबह- शाम घूमने के लिए पार्क की सुविधा मिलेगी. सामुदायिक केंद्र के निर्माण से सार्वजनिक व सामूहिक कार्यक्रमों का आयोजन करने के लिए जगह उपलब्ध होने की सुविधा मिलेगी.
बीजेपी विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि महाराजा नीमपाल के नाम पर सामुदायिक केंद्र का नामकरण होगा. यहां उनसे जुड़ी स्मृतियों को उकेरा जाएगा. उनकी व उनके समय के कल्चर की जानकारी का भी प्रावधान किया जायेगा क्योंकि महाराजा नीमपाल सिंह ने ही भिवानी शहर को 1326 ईसवी के आसपास बसाया था. इसके अलावा, शहर के सभी पार्कों का जीर्णोद्धार कराया जाएगा.
डेंटल इंप्लांट सेंटर की मिलेगी सौगात
भिवानी को दूसरी बड़ी सौगात डेंटल इंप्लांट सेंटर की मिलने जा रही है. सिविल अस्पताल में जल्द ही इसको स्थापित किया जाएगा. इसकी प्रकिया तेजी से आगे बढ़ रही है और अप्रैल के आखिर तक मरीजों को यह सुविधा मिलने की संभावना है. सीएमओ डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने बताया कि सिविल अस्पताल में एक इंप्लांट सेंटर बनाया जा रहा है. इसके लिए जगह तैयार कर ली गई है. इसको लेकर डाक्टर हमारे पास आए हैं. अगले महीने से यह सेवा शुरू हो जाएगी.
उन्होंने कहा कि इंप्लांट बहुत मंहगे होते हैं. प्राइवेट अस्पतालों में बहुत अधिक खर्च लगता है. ऐसे में गरीब लोग इसे लगवा भी नहीं पाते. हम ऐसी व्यवस्था करेंगे कि टेंडर के जरिए इंप्लांट खरीदे जाएंगे. BPL और आयुष्मान कार्ड धारकों को मुफ्त में इस सेवा का लाभ मिलेगा.
