भिवानी | हरियाणा की नायब सैनी सरकार (Nayab Govt) चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों को धरातल पर अमलीजामा पहनाने की तैयारियों में जुट गई है. इसी कड़ी में सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये देने के लिए कवायद शुरू कर दी है. सरकार सीधे महिलाओं के बैंक खातों में यह राशि भेजेगी.
बैंक खातों का होगा सत्यापन
नागरिक संसाधन एवं सूचना विभाग (क्रीड़) के अधिकारियों ने सभी 22 जिलों में 18.43 लाख संभावित महिलाओं का चयन किया है. अब इन महिलाओं के बैंक खातों का परिवार पहचान पत्र से सत्यापन कराया जाएगा. ग्रामस्तर पर पंचायत लोकल ऑपरेटर (CPD) पात्र महिलाओं के बैंक खातों का सत्यापन जल्द ही शुरू करेंगे.
लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर गत 30 जनवरी को सभी जिलों के क्रीड अधिकारियों की चंडीगढ़ में अहम बैठक हुई थी. इसमें इन अधिकारियों को संभावित पात्र महिलाओं की पहचान करने और उनके बैंक खातों का परिवार पहचान पत्र से सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं.
फरीदाबाद में सबसे ज्यादा लाभार्थी
योजना में एक लाख 80 हजार से कम सालाना आमदनी वाली महिलाओं को शामिल किया गया है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है. योजना के तहत राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की जाएगी. गांव के पंचायत घर के अंदर ही योजना के लाभार्थी महिला अपने बैंक खाता से संबंधित जानकारी परिवार पहचान पत्र से जुड़वाकर उसकी केवाईसी कराएंगी.
क्रीड ने योजना के तहत प्रदेशभर में 18,43,795 महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ उठाने के पात्र माना है. इसमें सबसे अधिक फरीदाबाद में 2,23,697 और सबसे कम चरखी दादरी में 28,632 महिलाएं हैं.
लाडो लक्ष्मी योजना के लिए संभावित महिलाओं के बैंक खातों का परिवार पहचान पत्र से सत्यापन का काम जल्द पूरा कराया जाएगा. प्रदेश के सभी जिलों में यह काम तेजी से चल रहा है. इसके लिए गांवों में पंचायतों के माध्यम से मुनादी भी कराएंगे- सुमित कुमार, जिला प्रबंधक, नागरिक संसाधन एवं सूचना विभाग भिवानी
