रेवाड़ी | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यदि आप भी आने वाले दिनों में खाटूश्याम धाम और राजस्थान की पिंक सिटी जयपुर के लिए रेलयात्रा करने की योजना बना रहे हैं तो एक बार इस खबर को ध्यान से पढ़ लें. बता दें कि फुलेरा- रींगस- रेवाड़ी रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के चलते 18- 31 जनवरी तक भिवानी- जयपुर सहित कई ट्रेनें रद्द रहेगी.
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि फुलेरा- रींगस- रेवाड़ी ट्रैक के बीच अटेली, मिर्जापुर बाछौद और नारनौल स्टेशनों पर दोहरीकरण के कारण नॉन- इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है जिसके चलते भिवानी से जयपुर और रेवाड़ी से रींगस के बीच आवागमन करने वाली 4 जोड़ी ट्रेन रद्द रहेगी.
खाटूश्याम जानें वाली रद्द रहेगी ट्रेन
ट्रेन नंबर 09733, जयपुर- भिवानी स्पेशल ट्रेन 18- 31 जनवरी तक रद्द रहेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09734, भिवानी- जयपुर स्पेशल ट्रेन 18 जनवरी से 31 जनवरी तक रद्द रहेगी.
खाटूश्याम श्रद्धालुओं की बढ़ेगी परेशानी
उन्होंने बताया कि ट्रेन नंबर 09637, रेवाड़ी- रींगस स्पेशल ट्रेन 18 जनवरी, 23- 26 जनवरी, 29 जनवरी और 31 जनवरी को रद्द रहेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09638, रींगस- रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन 23- 26 जनवरी, 29 जनवरी और 31 जनवरी को रद्द रहेगी. इन ट्रेनों के रद्द रहने से खाटूश्याम मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी होगी. उन्हें यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी.
