भिवानी | हरियाणा में विद्यार्थियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि सरकार ने 10वीं कक्षा में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को 12 हजार रूपए की छात्रवृत्ति देने की घोषणा की है. यह छात्रवृत्ति 11वीं व 12वीं कक्षा तक पढ़ाई जारी रखने के दौरान ही मिलेगी. इसे पाने वाले विद्यार्थी को 11वीं व 12वीं कक्षा में विज्ञान संकाय लेना अनिवार्य होगा.
इतने अंक लाना अनिवार्य
छात्रवृत्ति योजना राज्य बोर्ड के अलावा केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) और भारतीय माध्यमिक शिक्षा प्रमाण पत्र (ISCE) के विद्यार्थियों के लिए भी रहेगी, लेकिन अंकों में न्यूनतम प्रतिशत और चयनित विद्यार्थियों की संख्या अलग- अलग निर्धारित की गई है. भिवानी बोर्ड के छात्र के लिए 90% व बाकी बोर्डों के लिए 95% अंक लाना अनिवार्य है. भिवानी बोर्ड से मान्यता प्राप्त स्कूलों के 1300, CBSE के 180 व ISCE के 20 टॉपर विद्यार्थी इस छात्रवृत्ति के लिए चुने जाएंगे.
6 साल बाद दोबारा शुरू
यह योजना कोविड- 19 के दौरान वर्ष 2019 में बंद हो गई थी, जिससे विद्यार्थियों को निराशा का सामना करना पड़ा. अब 2025 में इसे फिर से लागू किया जा रहा है. सरकार ने छात्रवृत्ति की पूरी जिम्मेदारी गुरुग्राम स्थित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद को दी है.
भिवानी की जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया ने बताया कि छात्रवृत्ति सरकार द्वारा सीधे विद्यार्थी के बैंक खाते में जाएगी. इसका उद्देश्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थी अपनी आगे की पढ़ाई बिना रुकावट के जारी रख सके.
